फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Coronavirus in Uttarakhand : शनिवार को उत्तराखंड में सामने आए 91 मामले, कुल संक्रमित हुए 1305

Sat, 06 Jun 2020 11:56 PM IST
Nirmala Suyal Nirmala Suyal न्यूज़ डेस्क, अमर उजाला, देहरादून
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : pixabay
विज्ञापन

प्रदेश में शनिवार को 91 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। प्रदेश में संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 1300 के पार हो गया है। जांच रिपोर्ट में 1117 सैंपल निगेटिव मिले हैं। वहीं, 79 संक्रमित मरीजों को इलाज के बाद घर भेजा गया है। अपर सचिव स्वास्थ्य युगल किशोर पंत ने बताया कि शनिवार को आई जांच रिपोर्ट में 1117 सैंपल नेगेटिव पाए गए। वहीं, दून मेडिकल कॉलेज से एक मौत का मामला भी आया है। 

विज्ञापन


दून मेडिकल कालेज अस्पताल में भर्ती कोरोना संक्रमित एक आढ़ती की मौत हो गई है। वह पिछले चार दिन से आइसीयू में भर्ती था। उत्तराखंड में कोरोना संक्रमित व्यक्ति की यह 12 वीं मौत है। जीएमएस रोड निवासी 48 वर्षीय आढ़ती को 26 मई को दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती किया गया था। सांस की दिक्कत के साथ ही उसे बीपी, शुगर व अन्य स्वास्थ्य समस्याएं भी थीं। तबीयत खराब होने पर उसे आइसीयू में शिफ्ट किया गया था। शनिवार रात उसकी हार्ट अटैक से मौत हो गयी। सीएमओ डॉ. बीसी रमोला ने इसकी पुष्टि की है। 

यह भी पढ़ें: Coronavirus: अब मालदेवता से संचालित होगी देहरादून की सब्जी मंडी, शासन ने दी अनुमति
विज्ञापन


देहरादून जिले में संक्रमित पाए गए 12 मरीजों में सात मुंबई, चार स्वास्थ्य कर्मी और एक आगरा से आया है। हरिद्वार जिले में 21 लोगों में कोरोना संक्रमण मिला है। इसमें 9 मुंबई, 7 चेन्नई और 5 मरीजों की ट्रेवल हिस्ट्री नहीं है। पिथौरागढ़ जिले में 16 संक्रमित मरीजों में दो मुंबई, नौ दिल्ली, दो नोएडा और एक-एक मरीज आगरा, अलवर राजस्थान व गुजरात से लौटे हैं।

राजधानी देहरादून में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। शनिवार को यहां एक निजी अस्पताल की चार स्टाफ नर्स कोरोना पॉजिटिव पाई गईं हैं।

बताया गया कि इन्होंने कोरोना संक्रमित गर्भवती महिला का इमरजेंसी कक्ष में उपचार किया था। चारों स्टाफ नर्सों को दून अस्पताल लाया गया। स्टेट कॉर्डिनेटर डॉ. एनएस खत्री ने इन मामलों की पुष्टि की है। बता दें कि शुक्रवार को प्रदेश में 62 नए मामले मिले थे।

79 मरीजों को इलाज के बाद भेजा घर

चंपावत जिले में 6 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसमें एक दिल्ली, तीन मुंबई और दो संपर्क में आए हैं। चमोली जिले में 6 संक्रमित मरीजों की ट्रेवल हिस्ट्री दिल्ली की है। वहीं, अल्मोड़ा में मुंबई से लौटे चार लोगों में संक्रमण मिला है।

नैनीताल जिले में सात संक्रमित मरीज मिले हैं। इनमें दो महाराष्ट्र, दो दिल्ली, एक-एक फरीदाबाद व गाजियाबाद और संक्रमित संपर्क में आया है। बागेश्वर जिले में एक मुंबई और तीन मरीज संपर्क में आने से संक्रमित हुए हैं।
टिहरी जिले में 9 संक्रमित मरीजों में पांच मुंबई, चार पुुुणे से आए थे। ऊधमसिंह नगर में तीन लोगों में संक्रमण मिला है। इनमें दो गुरुग्राम एक रामपुर उत्तर प्रदेश से लौटा है। उत्तरकाशी में एक संक्रमित मरीज मुंबई से आया है।

शनिवार को प्रदेश में 79 संक्रमित मरीजों को इलाज के बाद घर भेजा गया। इसमें अल्मोड़ा में 25, हरिद्वार में 8, देहरादून में 8, टिहरी में 29, पौड़ी में 6, नैनीताल जिले में 3 मरीजों को अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया। इन्हें मिला कर प्रदेश में 423 मरीज ठीक हो चुके हैं।

 

पुलना में ग्रामीणों ने वन विभाग की टीम को घेरा

जोशीमठ में फूलों की घाटी और घांघरिया के निरीक्षण के लिए जा रही नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क वन प्रभाग की दस सदस्यीय टीम का पुलना में ग्रामीणों ने घेराव कर आगे नहीं जाने दिया। ग्रामीणों ने आशंका जताई थी कि टीम घांघरिया में चिह्नित भवनों की सीलिंग के लिए जा रही है।

मामले में फूलों की घाटी वन बीट अधिकारी ने सरकारी कार्य में बाधा डालने और लॉकडाउन के दौरान सामाजिक दूरी का उल्लंघन करने पर पूर्व ईडीसी अध्यक्ष दीपक चौहान व अन्य ग्रामीणों के विरुद्ध तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया। पांच जून को अपराह्न दो बजे वन विभाग की टीम गोविंदघाट होते हुए पुलना गांव पहुंची। यहां ग्रामीणों ने टीम को घेर दिया।

इस दौरान सामाजिक दूरी का भी कोई पालन नहीं किया गया। थाने में दी तहरीर में वन बीट अधिकारी मनोज उनियाल ने कहा कि पूर्व ईडीसी अध्यक्ष दीपक चौहान के साथ ही अन्य ग्रामीणों की ओर से वन कर्मियों की पहचान मांगी गई और दल को फूलों की घाटी राष्ट्रीय पार्क जैसे अतिसंवेदनशील वन क्षेत्र में जाने से रोका गया। इसके बाद टीम आधे रास्ते से ही लौट गई। वन बीट अधिकारी मनोज उनियाल ने इसके बाद गोविंदघाट थाने में संबंधित के खिलाफ तहरीर दी। थानाध्यक्ष एसएस नेगी ने कहा कि इस मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

लॉकडाउन के उल्लंघन में छह पर केस दर्ज

कोटद्वार में कोतवाली पुलिस ने एक पिकअप वाहन में पांच लोगों को बैठाकर बिना पास के अवैध रूप से कोटद्वार में प्रवेश कर लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर वाहन चालक सहित छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।


एसएसआई प्रदीप नेेगी ने बताया कि पांच जून को एक पिकअप में उत्तर प्रदेश के पांच लोगों को बैठाकर लॉकडाउन के नियमों का उल्लंघन करते हुए बिना अनुमति के शहर में घुस गया।

इसमें वाहन चालक भोलूपाल निवासी दामोदर नगर आलमबाग लखनऊ उत्तर प्रदेश, अर्पण श्रीवास्तव निवासी सुभाषनगर बाराविरवा आलमबाग लखनऊ, विनय कुमार वर्मा निवासी रेलवे कालोनी आलमबाग लखनऊ, संजय बाबा लालागिरी निवासी कासगंज लखनऊ, अक्षय निवासी मोती महलपुर राधेश्याम नगर लखनऊ और रमेश निवासी काशीरामपुर तल्ला कोटद्वार पौड़ी गढ़वाल के खिलाफ धारा-188 आईपीसी और 51 (बी) आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। 
विज्ञापन

पांच दिन में ठीक होकर घर लौटे 304 कोरोना संक्रमित

उत्तराखंड में पिछले पांच दिनों में 304 कोरोना संक्रमित मरीज अपने घर लौटे हैं। इससे प्रदेश की रिकवरी दर में दोगुनी बढ़ोतरी हुई है। प्रदेश में कोरोना संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 1200 पहुंच गया है। अभी भी देहरादून, नैनीताल और टिहरी जिले में सबसे अधिक सक्रिय मामले हैं। 24 मई के बाद प्रदेश में पांच दिन की दर से संक्रमित मरीजों की संख्या दोगुनी हुई है।

जिससे पिछले दो सप्ताह में संक्रमितों का ग्राफ तेजी से बढ़ा है। अब ठीक होने वाले मरीजों की संख्या भी बढ़ रही है। 31 मई को प्रदेश में रिकवरी दर 12.72 प्रतिशत थी और 105 मरीजों को इलाज के बाद घर भेजा गया था। जबकि पांच जून को रिकवरी दर 25.77 प्रतिशत हो गई है और 309 मरीज ठीक हुए हैं। प्रभारी सचिव डॉ.पंकज कुमार पांडेय ने बताया कि कोरोना पॉजिटिव मामले बढ़ने के साथ ही प्रदेश में रिकवरी और डबलिंग दर भी बढ़ रही है।

प्रदेश में 33 हजार लोग संस्थागत क्वारंटीन

प्रदेश में बाहरी क्षेत्रों से आने वाले 33 हजार से अधिक लोगों को संस्थागत क्वारंटीन किया गया है। लगभग पांच सौ लोगों की संस्थागत क्वारंटीन की अवधि पूरी होने के बाद 14 दिन के होम क्वारंटीन में भेजा गया है। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार चार जून को प्रदेश में 33 हजार 942 लोग संस्थागत क्वारंटीन में रह रहे थे। शुक्रवार को लगभग पांच सौ लोगों को सात दिन की अवधि पूरी होने पर घर भेजा गया है। ये अब 14 दिन तक अपने घर में क्वारंटीन रहेंगे।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें