प्रदेश की जेलों में मंगलवार से कैदियों से मुलाकात शुरू हो जाएगी। इसके लिए मुलाकाती की कोविड टेस्ट रिपोर्ट का नेगेटिव होना जरूरी है। मुलाकात के वक्त 10 फीट की सोशल डिस्टेसिंग का ध्यान रखना होगा। इस संबंध में एडीजी जेल की ओर से सभी जेलों को निर्देश जारी हो चुके हैं।
दरअसल, कोरोना के कारण लॉकडाउन लगने से कुछ दिन पहले 18 मार्च को ही जेल में मुलाकात बंद कर दी गईं थीं। इसके बाद से वहां पीसीओ से ही कैदी अपने परिजनों से बात कर सकते थे। इस बीच जब जेल में कैदियों में संक्रमण की पुष्टि हुई और हालात गंभीर होते दिखाई दिए तो नए बंदियों के लिए अलग से आईसोलेशन की व्यवस्था कर दी गई थी। इसके साथ ही बीमार कैदियों के लिए कोविड केयर सेंटर भी अलग से बनाया गया था। मुलाकातियों पर खासा ध्यान रखा जा रहा था।
अब इसी बीच मुलाकातें शुरू करने पर विचार विमर्श किया गया। एडीजी जेल पीवीके प्रसाद ने बताया कि मंगलवार से जेल में मुलाकातियों का आना शुरू हो जाएगा। इसके लिए जेल के अंदर और बाहर निर्धारित स्थान पर मुलाकात की जा सकती है। इस दौरान 10 फीट की दूरी से ही मुलाकात हो सकेगी। मुलाकातियों के लिए 10 दिन के भीतर की कोविड टेस्ट की नेगेटिव रिपोर्ट दिखाना भी आवश्यक है ताकि जेल में अब कोई खतरा न हो।
महीने में सिर्फ दो बार मुलाकात
अब तक जेल में कैदियों से एक माह में पांच बार तक मुलाकात हो सकती थी। हालांकि, इसमें भी कैदियों की श्रेणियों का ध्यान रखा जाता था लेकिन अब कैदियों से उनके परिजन व अधिवक्ता आदि महीने में सिर्फ दो बार ही मुलाकात कर सकते हैं। इसके लिए अनिवार्य यह किया गया है कि उन्हें यहां आने से पहले अपना कोविड टेस्ट रिपोर्ट कराना होगा। यदि नेगेटिव है तो मुलाकात होगी अन्यथा मुलाकात नहीं हो सकती है।