कोविड-19 व लॉकडाउन की दुश्वारियों, क्वारंटीन केंद्रों की बदइंतजामी को लेकर केंद्र व प्रदेश सरकार पर ताबड़तोड़ वार कर रही कांग्रेस पर शनिवार को प्रदेश भाजपा ने पलटवार किया। पार्टी ने कांग्रेस पर सवालों की झड़ी लगा दी। पार्टी ने पूछा कि कांग्रेस ने दावा तो रेल किराये को लेकर खूब किया लेकिन एक धेला भी जमा नहीं कराया। रिलीफ फंड का हिसाब मांगने वाली कांग्रेस ने एक पैसा भी दान नहीं किया, आखिर क्यों?
पार्टी ने एक के बाद एक कांग्रेस से सात सवाल पूछे। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ देवेंद्र भसीन ने कहा कि जहां पूरा देश कोरोना के खिलाफ पूरी शक्ति से लड़ रहा है। वहीं कांग्रेस इस लड़ाई को कमजोर करने की कोशिश कर रही है। उसका यह आचरण बहुत खतरनाक है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत द्वारा कांग्रेस को कोरोना से अधिक घातक बताया जाना बिल्कुल सही है।
डॉ. भसीन ने कहा कि कांग्रेस हमारे सवालों का जवाब दे कर देश व प्रदेश को बताए कि कोरोना के खिलाफ जंग में उसका क्या रचनात्मक योगदान है? उन्होंने कांग्रेस से सात सवाल करते हुए कहा कि कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष व प्रदेश अध्यक्ष के दावा किया था कि पलायन कर रहे मजदूरों को रेल किराया या टिकट देंगे, लेकिन किसी भी मजदूर को किराया नहीं दिया, क्यों? रेल किराया न देने की स्थिति में कांग्रेस को उत्तराखंड सरकार सहित विभिन्न सरकारों के पास किराए की राशि जमा करानी चाहिए थी, लेकिन उसने धेला भी जमा नहीं किया।
कांग्रेस ने प्रधानमंत्री रिलीफ फंड का हिसाब मांगा, लेकिन एक पैसा भी दान में नहीं दिया। उत्तराखंड में मुख्यमंत्री राहत कोष का विवरण मांगने वाली कांग्रेस ने इस कोष में भी एक पैसा जमा नहीं कराया, आखिर क्यों? उन्होंने देश के मजदूरों को भ्रमित कर पलायन करने के लिए भड़काने का षड्यंत्र रचने का आरोप कांग्रेस पर लगाया।
कहा कि राहुल गांधी को यह पता नहीं कि महाराष्ट्र में कांग्रेस भी सरकार में है और उन्होंने महाराष्ट्र के हालात की जिम्मेदारी से ही पल्ला झाड़ लिया, क्यों? भसीन ने कहा कि देश व प्रदेश में रोज भ्रामक बयान देने वाले बहादुर कांग्रेस नेता जनता की सेवा से दूर क्यों भाग रहे हैं? उन्होंने आरोप लगाया कि कोरोना काल में भी लाशों व महामारी पर राजनीति से कांग्रेस बाज नहीं आ रही है। कहा कि वास्तव में कोरोना से अधिक खतरनाक कांग्रेस है।