ऑनलाइन पढ़ाई के लिए शिक्षकों के स्कूल आने पर उत्तराखंड शासन ने रोक लगा दी है। शिक्षा सचिव आर मिनाक्षी सुंदरम ने कहा है कि किसी भी शिक्षक को स्कूल आने के लिए बाध्य नहीं किया जा सकता।
सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों को नियमित रूप से देनी होगी प्राइवेट स्कूलों की ट्यूशन फीस
प्रदेश के सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों को नियमित रूप से प्राइवेट स्कूलों की ट्यूशन फीस देनी होगी। शासन की ओर से आदेश जारी किया गया है।
वहीं अन्य छात्र-छात्राओं के मामले में स्कूल बच्चों पर ट्यूशन फीस के लिए दबाव नहीं बना सकेंगे। यदि कोई छात्र समय पर ट्यूशन फीस नहीं देता है तो ऐसी स्थिति के बावजूद छात्र को स्कूल से बाहर नहीं किया जा सकेगा।
उत्तराखंड बोर्ड की 12वीं की परीक्षा की तिथि एक जून को होगी घोषित
उत्तराखंड बोर्ड की 12 वीं की चार से 22 मई तक प्रस्तावित परीक्षा को स्थगित किया जा चुका है। जिसके बाद परिस्थितियों को देखते हुए इस परीक्षा की नई तिथि एक जून को घोषित की जाएगी। शिक्षा सचिव आर मीनाक्षी सुंदरम की ओर से इस संबंध में आदेश जारी किया गया है।
आदेश में कहा गया है कि प्रदेश में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए उत्तराखंड बोर्ड की चार से 22 मई तक प्रस्तावित 12 वीं की परीक्षा को स्थगित एवं 10 वीं की परीक्षा को रद्द किया जा चुका है। 12 वीं की परीक्षा की नई तिथि परिस्थितियों को देखते हुए एक जून 2021 को घोषित की जाएगी।
जबकि रद्द की गई उत्तराखंड बोर्ड की 10 वीं की परीक्षा के परिणाम घोषित करने के लिए उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद रामनगर नैनीताल की ओर से अलग से वस्तुनिष्ठ मानदंड तय किया जाएगा। यदि 10 वीं का कोई छात्र या छात्रा परीक्षा देना चाहेगा तो उसे भविष्य में परीक्षा में शामिल होने का अवसर दिया जाएगा।