कोरोना संक्रमित मरीजों को मेडिकल ऑक्सीजन वितरण के लिए प्रदेश सरकार ने भी मेडिकल ऑक्सीजन ऑडिट उप समूह का गठन कर दिया है। शनिवार को मुख्य सचिव ओम प्रकाश की ओर से इस संबंध में आदेश जारी किए गए।
मेडिकल ऑक्सीजन ऑडिट उप समूह में संयुक्त सचिव खनन मंत्रालय सतेंद्र सिंह, सचिव परिवहन डॉ. रंजीत सिन्हा, निदेशक एम्स ऋषिकेश डॉ. रविकांत, दून मेडिकल कालेज के प्राचार्य डॉ. आशुतोष सयाना, पेसो के सीई बी. सिंह शामिल किया गया।
बता दें कि सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार को राज्यों में मेडिकल ऑक्सीजन की आपूर्ति व वितरण के लिए नेशनल टास्क फोर्स का गठन करने के निर्देश दिए थे। इस टास्क फोर्स के तहत राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में मेडिकल ऑक्सीजन ऑडिट उप समूह का गठन किया गया।
इस बीच उत्तराखंड के स्वास्थ्य सचिव ने जानकारी दी है कि इस साल 1 से 20 मई के दौरान 9 साल से नीचे के 2044 बच्चे और 10 से 19 साल के बीच के 8661 बच्चे कोविड संक्रमण का शिकार हुए हैं। उन्होंने बताया कि 20 दिनों में 1,22,949 लोग कोरोना का शिकार हुए।