प्रदेश में कोरोना संक्रमण फिर तेजी से बढ़ने लगा है। मंगलवार को 24 घंटे के भीतर कोरोना के 791 नए मरीज सामने आए, जबकि सात कोरोना संक्रमित मरीजों की मौत हो गई। उधर, मंगलवार को 60214 लोगों को कोरोना की वैक्सीन दी गई। दस दिसंबर के बाद पहली बार इतने मामले सामने आए। दस दिसंबर को 830 मामले सामने आए थे।
मंगलवार को प्रदेश में कोरोना के मामलों में काफी बढ़ोतरी दर्ज की गई। कोरोना केसों ने 700 का आंकड़ा पार कर लिया। 24 घंटे के भीतर 791 नए कोरोना मामले सामने आए। वहीं, सात कोरोना संक्रमितों की मौत भी हो गई।
तीन मरीजों की मौत एम्स ऋषिकेश में और कैलाश अस्पताल देहरादून, हिमालयन हॉस्पिटल जौलीग्रांट, सुशीला तिवारी मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी और सिनर्जी अस्पताल देहरादून में एक-एक मरीज की मौत हुई। प्रदेश में अब तक एक लाख तीन हजार 602 कोरोना संक्रमण के मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें से 96647 मरीज ठीक हो चुके हैं। 1736 कोरोना संक्रमित मरीजों की उपचार के दौरान मौत हो चुकी है।
चार जिलों में अब तक बने 24 कंटेनमेंट जोन
कोरोना के मामलों में बढ़ोतरी के साथ ही एक बार फिर कंटेनमेंट जोन की संख्या बढ़ने लगी है। अब तक प्रदेश में 24 कंटेनमेंट जोन बन चुके हैं। इनमें सबसे अधिक 12 कंटेनमेंट जोन देहरादून जिले में बनाए गए हैं। इसके अलावा नैनीताल में आठ, हरिद्वार में तीन और टिहरी में एक कंटेनमेंट जोन बनाया गया है।