इस संबंध में जिले के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनूप कुमार डिमरी ने बताया कि राज्य सरकार से जो भी निर्देश प्राप्त हो रहे हैं, उसी के तहत टीकाकरण किया जा रहा है। लोगों को इस बारे में जागरूक भी किया जा रहा है। साथ ही टीकाकरण केंद्र पर मौजूद स्वास्थ्य कर्मियों को आने वाले लोगों को संपूर्ण जानकारी सही और शालीन भाषा में समझाने के लिए कहा गया है।
यहां भी नहीं हो रहा लक्ष्य पूरा
जम्बो साइट हरिद्वार रोड में एक दिन में 150 लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य है। बुधवार को यहां सिर्फ 50 लोगों ने ही पहली डोज लगवाई। कोविड केंद्र में मौजूद स्वास्थ्य कर्मी ने बताया कि कोविड कर्फ्यू लागू होने और सार्वजनिक वाहनों के न चलने से लोग केंद्र तक नहीं आ पा रहे हैं। इससे टीकाकरण का रोजाना का लक्ष्य पूरा नहीं हो पा रहा है।
ओएनजीसी अस्पताल के टीकाकरण केंद्र में सन्नाटा
ओएनजीसी अस्पताल में बनाए गए केंद्र में फिलहाल टीकाकरण कराने वालों की संख्या न के बराबर है। अस्पताल के प्रभारी डॉ. पीत वासन ने बताया कि केंद्र में 45 साल से अधिक उम्र वालों के लिए कोविशील्ड वैक्सीन उपलब्ध है। इसकी दूसरी डोज की अवधि 84 दिन किए जाने से अब लोग नहीं आ रहे हैं।
ज्यादातर लोगों को पहली डोज लगाई जा चुकी है। टीके की दूसरी डोज 15 दिनों में शुरू कर दी जाएगी। इस दौरान कई लोगों की 84 दिन की अवधि पूरी हो जाएगी। वहीं 18 से 45 साल तक के लोगों के लिए वैक्सीन उपलब्ध नहीं है।
बिना रजिस्ट्रेशन पहुंच रहे लोग
सनातन धर्म मंदिर में बुधवार को भी 200 लोगों का टीकाकरण हुआ। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग बिना रजिस्ट्रेशन टीकाकरण के लिए पहुंचे। जिससे वहां भीड़ लग गई। सनातन धर्म मंदिर के प्रधान सुभाष माकिन के साथ ही पुनीत सहगल, डिंपल, मन्नू भाटिया, राजू पंडित आदि ने ऐसे लोगों को समझा बुझाकर वापस भेजा।