बैठक में मुख्यमंत्री को अवगत करवाया गया कि निरंजनपुर सब्जी मंडी में बड़ी संख्या में संक्रमित मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि देहरादून के हालात को देखते हुए निरंजनपुर सब्जी मंडी को तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया जाए। इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था कर ली जाए। अधिकारी सुनिश्चित करें कि फल और सब्जी की सप्लाई सुचारु रखने के लिए क्या व्यवस्था रहेगी। वहीं, जिलाधिकारी के आदेश मिलते ही मंडी परिषद् ने मंडी को खाली करवाना भी शुरू कर दिया है।
कालाबाजारी करने वालों को भेजें जेल
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने बैठक में राशन की कालाबाजारी रोकने को लेकर सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि राशन की कालाबाजारी किसी भी हालात में नहीं होनी है। ऐसे करने वालों को जेल भेजा जाए। उन्होंने कहा कि मेरी जानकारी में आया है कि राशन को लेकर सिफारिशें आ रही हैं। राशन को लेकर कितना भी बड़ा आदमी सिफारिश करता है, उसकी बात बिल्कुल नहीं सुननी है।
यह स्पष्ट निर्देश है कि कालाबाजारी को हर हाल में रोकना है। हमारे तक सिर्फ यह सूचना आनी चाहिए कि कालाबाजारी करने वाले को अंदर कर दिया है। हर जरूरतमंद तक राशन पहुंचना चाहिए। केंद्र सरकार ने यह व्यवस्था बनाई है कि राशन की सप्लाई नियमित हो, उसे नियमित बनाना है और किसी भी तरह की कालाबाजारी को रोकना है।
उत्तराखंड में कोरोना वायरस के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। देहरादून में अब तक 323 कोरोना संक्रमित मामले सामने आ चुके हैं। गुरुवार को भी देहरादून में 35 संक्रमित मामले आए हैं। वहीं, लगातार मामले सामने आने से अब दून पर रेड जोन में शामिल होने का भी खतरा मंडराने लगा है।
जानकारी के अनुसार, आज दून मेडिकल कॉलेज के दो कर्मचारियों में कोरोना पॉजिटिव मिला है। वहीं 21 लोग ऐसे हैं जो निरंजनपुर सब्जी मंडी के संक्रमित आढ़ती के संपर्क में आने से पॉजिटिव हुए हैं। आठ संक्रमित लोगों की ट्रेवल हिस्ट्री अभी नहीं मिल पाई है। अन्य दो संक्रमित महाराष्ट्र से आए हैं।