सतपुली के चौबट्टाखाल तहसील क्षेत्र में एक गांव के क्वारंटीन सेंटर में रह रहा एक प्रवासी बिना बताए कहीं चला गया है। उक्त व्यक्ति के न मिलने पर ग्राम प्रधान ने इसकी सूचना पटवारी को दी है। पटवारी ने प्रवासी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पटवारी सर्किल मवालस्यूं द्वितीय के राजस्व उपनिरीक्षक रिंकज रावत ने बताया कि एक जून को दिल्ली से लौटे मूसासू गांव के नैन सिंह को गांव के प्राथमिक विद्यालय में होम क्वारंटीन किया गया था। बताया जा रहा है कि उसने वहां पहले से क्वारंटीन किए गए गांव के एक अन्य व्यक्ति से शराब पीकर झगड़ा किया और बाद में भाग गया। उसका अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है। ग्राम प्रधान सतेंद्र सिंह की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
कोरोना संक्रमित मरीजों के इलाज के लिए सरकार ने प्रदेश के 13 जिलों में 78 कोविड केयर सेंटरों और खोले हैं। इन्हें मिला कर अब 171 कोविड केयर सेंटर (सीसीसी) हो गए हैं। जिनमें 16 हजार से अधिक बेड की व्यवस्था है। वर्तमान में प्रदेश में आठ सौ से अधिक संक्रमित मरीज अस्पताल में भर्ती हैं।
प्रदेश में कोरोना संक्रमित मरीजों का ग्राफ 1100 को पार कर गया है। हर रोज संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ रही है। इसे देखते हुए सरकार ने जिले स्तर पर मरीजों के इलाज के लिए बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर जोर दिया है। प्रदेश में गंभीर संक्रमित मरीजों के इलाज के लिए पांच समर्पित कोविड अस्पताल (डीसीएच) और 11 समर्पित कोविड केयर सेंटर (डीसीसीएच) शामिल हैं। इसके अलावा जिले स्तर पर पहले 93 कोविड केयर सेंटर थे। जिनकी संख्या अब बढ़ कर 171 हो गई है।
डीसीएच में 825 बेड, डीसीसीएच में 945 बेड और कोविड केयर सेंटर में 16180 बेड की व्यवस्था की गई है। बृहस्पतिवार तक इलाज के लिए निर्धारित तीनों श्रेणी के कुल 17950 बेड हो गए हैं।
जबकि वर्तमान में आठ सौ से अधिक संक्रमित मरीज भर्ती हैं। प्रभारी सचिव स्वास्थ्य डॉ. पंकज कुमार पांडेय का कहना है कि कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए प्रत्येक जिले में कोविड केयर सेंटरों खोले जा रहे हैं। सामान्य लक्षण वाले मरीजों का इलाज इन्हीं सेंटरों में किया जाएगा। इसके बाद संक्रमित पाए गए गंभीर मरीजों को डेडीकेट कोविड अस्पताल में इलाज किया जाएगा। प्रत्येक कोविड केयर सेंटर पर एंबुलेंस भी रहेगी।