चारधाम यात्रा और हेमकुंड साहिब की यात्रा पर आने वालों के लिए आरटीपीसीआर की नेगेटिव रिपोर्ट जरूरी होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि फिलहाल के लिए यह व्यवस्था की जाए। वहीं, पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने भी स्पष्ट किया कि चारधाम के लिए तीन नहीं, सिर्फ एक ही टेस्ट की रिपोर्ट जरूरी है।
आर्थिकी को बचाने की कार्ययोजना बनेगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड के बढ़ते मामलों से प्रदेश की आर्थिकी को नुकसान होने की आशंका है। इस नुकसान को कम से कम करने की कार्ययोजना तत्काल बनाई जाए।
भविष्य में स्थिति ज्यादा न बिगड़ने देने के लिए वर्तमान में लागू गाइडलाइन का पूरी तरह से पालन करवाने के निर्देश दिए गए हैं। राज्य सीमा पर जरूरत के हिसाब से चेकपोस्ट स्थापित करने और बिना आरटीपीसीआर नेगेटिव रिपोर्ट के किसी को भी आने की अनुमति न देने, अधिक से अधिक टेस्टिंग पर फोकस करने को भी कहा गया है।
-तीरथ सिंह रावत, मुख्यमंत्री उत्तराखंड
हर जिले में कोविड केयर सेंटर और आईसीयू बेड बढ़ाने पर काम किया जा रहा है। विशेष तौर पर देहरादून, हरिद्वार, हल्द्वानी में बेड की संख्या काफी बढ़ाई जा रही है। बड़े अस्पतालों व मेडिकल कॉलेजों को भी 100-100 बेड की अतिरिक्त क्षमता सृजित करने को कहा गया है। देहरादून, रुड़की व काशीपुर में तीन आक्सीजन जनरेशन प्लांट कार्यरत हैं। इनके अतिरिक्त आठ नए आक्सीजन जनरेशन प्लांट लगाए गए हैं। हर जिले को 20-20 डाक्टर मिल जाएंगे।
-डॉ.पंकज पांडेय, प्रभारी सचिव स्वास्थ्य