फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

उत्तराखंड में कोरोना: रविवार को 2630 नए संक्रमित मिले, 12 मरीजों की हुई मौत

Sun, 18 Apr 2021 11:55 PM IST
अलका त्यागी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून

सार

  • प्रदेश में रविवार को 2630 नए संक्रमित मरीज आए हैं। वहीं, 12 मरीजों की मौत हुई, जबकि 708 मरीजों को ठीक होने के बाद डिस्चार्ज किया गया।
विज्ञापन
कोरोना वायरस की जांच - फोटो : अमर उजाला फाइल फोटो
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

उत्तराखंड में कोरोना संक्रमण थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार को 24 घंटे के अंदर 2630 नए संक्रमित मरीज आए हैं। वहीं, आज प्रदेश में 12 मरीजों की मौत हुई, जबकि 708 मरीजों को ठीक होने के बाद डिस्चार्ज किया गया। सक्रिय मरीजों की संख्या भी 17293 हो गई है। प्रदेश में अब तक कुल 1 लाख 24 हजार 33 संक्रमित मरीज आ चुके हैं, जिसमें से 102367 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।

विज्ञापन


उत्तराखंड: कर्फ्यू के बाद और बढ़ी सख्ती, शादी में केवल 100 लोग ही होंगे शामिल, मास्क न पहनने पर जुर्माना भी बढ़ा

स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक रविवार को 30191 सैंपलों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। जबकि देहरादून जिले में सबसे अधिक 1281 कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। वहीं, हरिद्वार जिले में 572, नैनीताल में 186, ऊधमसिंह नगर में 161, पौड़ी में 133, टिहरी में 129, रुद्रप्रयाग में 18,  पिथौरागढ़ में 14, उत्तरकाशी में 25, अल्मोड़ा में 20, चमोली में 61 , बागेश्वर में 15 और चंपावत में 15 संक्रमित मिले। वहीं, कंटेंमेंट जोन की संख्या 86 पहुंच गई है। 
विज्ञापन


उत्तराखंड में कोरोना कर्फ्यू : आवश्यक सेवाओं को छोड़कर आज सब कुछ बंद, तस्वीरों में देखें...

प्रदेश में अब तक 1868 मरीजों की मौत हो चुकी है। संक्रमितों की तुलना में ठीक होने वाले मरीजों की संख्या कम होने से रिकवरी रेट 82.53 फीसदी पहुंच गया है। 

लैंसडौन विधायक दिलीप रावत हुए कोरोना संक्रमित

सल्ट विधानसभा चुनाव के प्रचार से लौटने के बाद लैंसडौन विधायक दिलीप रावत कोरोना संक्रमित हो गए हैं। उन्होंने चिकित्सकों की सलाह पर स्वयं को होम आइसोलेट कर दिया है। यह जानकारी उन्होंने सोशल मीडिया पर दी है। विधायक के कोरोना संक्रमित होने की सूचना मिलते ही उनके साथ चुनाव के प्रचार और विभिन्न कार्यक्रमों में मौजूद रहे कार्यकर्ता दहशत में आए गए हैं। 

विधायक दिलीप रावत ने बताया कि वे पिछले पांच दिनों से सल्ट विधानसभा के चुनाव में पार्टी का प्रचार कर रहे थे। इस दौरान वे नैनीडांडा ब्लाक में विभिन्न कार्यक्रमों में रहे। दो दिन  पहले उन्हें अचानक खांसी, जुकाम और बुखार की शिकायत होने पर वे अपना उपचार कराने बेस अस्पताल पहुंचे। जहां पर चिकित्सकों की सलाह पर उन्होंने कोरोना टेस्ट कराया।

शनिवार शाम को उनकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर उन्होंने स्वयं को होम आइसोलेट कर लिया है। बेस अस्पताल के पीएस डॉ. बीसी काला ने बताया कि लैंसडौन विधायक दिलीप रावत कोरोना रिपोर्ट में संक्रमित आए हैं। क्षेत्र की आशा से मिली रिपोर्ट के बाद उनके रतनपुर कुंभीचौड़ स्थित आवास में उन्हें होम आइसोलेट कर दिया गया है। उनका घर पर ही कोरोना का उपचार किया जा रहा है। 

पीआईबी एडीजे देहरादून नरेंद्र कौशल का एम्स में निधन

पीआईबी देहरादून में एडीजी के पद पर तैनात नरेंद्र कुमार कौशल (59) का एम्स ऋषिकेश में रविवार रात निधन हो गया। वे कोरोना संक्रमण से पीड़ित थे। एम्स ऋषिकेश के जनसंपर्क अधिकारी हरीश मोहन थपलियाल ने बताया कि नरेंद्र कुमार कौशल को बीते 10 अप्रैल को देहरादून के कैलाश हॉस्पिटल में भर्ती किया गया था।

उन्हें 15 अप्रैल को एम्स ऋषिकेश में लाया गया। वे कोरोना संक्रमित थे। उन्हें एम्स वेंटीलेटर पर रखा गया था। जनसंपर्क अधिकारी के मुताबिक उनकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव थी। रविवार रात गंभीर अवस्था में उनका निधन हो गया।

दोनों टीके लगने के बाद भी पिथौरागढ़ के एडीएम निकले कोरोना पॉजिटिव

पिथौरागढ़ के एडीएम एंटीजन जांच में पॉजिटिव आए हैं। एडीएम आरडी पॉलीवाल को कोरोना के दोनों ही टीके लगाए गए हैं। सीएमओ डॉ. एचसी पंत ने बताया कि रविवार को एडीएम एंटीजन जांच में कोरोना संक्रमित मिले हैं। शनिवार से उन्हें बुखार था। रविवार को  जिला अस्पताल में उनका एंटीजन टेस्ट कराया गया। जिसमें वह पॉजिटिव आए हैं।

उन्होंने बताया कि एडीएम को कोरोना की पहली और दूसरी डोज भी लग चुकी है। उनके पॉजिटिव आने के बाद सोमवार को स्वास्थ्य विभाग उनके कार्यालय में तैनात कर्मियों और उनके संपर्क में आए लोगों के कोरोना सैंपल जांच को लेगा। सीएमओ डॉ. एचसी पंत ने बताया कि रविवार को चार लोगों ने आइसोलेशन पूरा कर लिया  है। इसके बाद संक्रमितों की संख्या 56 पहुंच गई है। 

हरिद्वार कुंभ से लौटे सात स्वयंसेवक कोरोना संक्रमित

चंपावत से हरिद्वार कुंभ में गए आरएसएस (राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ) के सात स्वयंसेवक कोरोना संक्रमित पाए गए। ये सभी स्वयंसेवक कुछ दिन पहले अपने कुछ साथियों के साथ कुंभ में सेवा के लिए गए थे। संक्रमित आए सभी सातों स्वयंसेवकों को एकांतवास में भेज दिया गया है। साथ ही संपर्क में आए अन्य लोगों की भी सैंपलिंग की जा रही है। 

भाजयुमो के नगर अध्यक्ष एडवोकेट गौरव पांडेय ने बताया कि अप्रैल के शुरू में चंपावत जिले से 20 स्वयंसेवक सेवा कार्य के लिए हरिद्वार गए थे। तीन दिन पहले ये स्वयंसेवक हरिद्वार से लौटे। सीएमओ डॉक्टर आरपी खंडूरी ने बताया कि जांच में सात स्वयंसेवक संक्रमित आए हैं। इनके संपर्क में आए अन्य लोगों की जांच कराई जाई रही है। वैसे जिले में रविवार को बीते 24 घंटों में कुल 15 लोग कोरोना संक्रमित आए हैं। 
विज्ञापन

जीबी पंत कृषि  विवि 30 तक बंद 

जीबी पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय को कोरोना संक्रमण के बढ़ते प्रकोप के चलते तत्काल प्रभाव से 30 अप्रैल तक के लिए बंद कर दिया गया है। केवल शोध छात्र ही शोध कार्यों के लिए चीफ वार्डन (अधिष्ठाता महाविद्यालय) की स्वीकृति पर छात्रावासों में रुक पाएंगे।

शनिवार को कुलपति की अध्यक्षता में सभागार में संपन्न हुई कुलसचिव व अधिष्ठाताओं की बैठक में कोविड-19 के बढ़ते संक्रमण पर विचार-विमर्श के बाद निर्णय लिए गए। इसके तहत विवि के सभी छात्रावास तत्काल प्रभाव से 30 अप्रैल तक के लिए बंद कर दिए गए हैं।

कुलपति डॉ. तेज प्रताप ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बृहस्पतिवार को विश्वसरैया भवन के 178 छात्रों के सैंपल लिए थे। इनमें बड़ी संख्या में छात्र कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें