भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के बंशीधर भगत के बेटे की कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उन सभी लोगों में चिंता है जो उनके गृह प्रवेश की पार्टी में शामिल हुए थे। भगत ने 21 अगस्त को यमुना कालोनी स्थित सरकारी आवास में गृह प्रवेश पर सहभोज का आयोजन किया था। इस कार्यक्रम में उनके बेटे भी थे। हालांकि कहा जा रहा है कि कार्यक्रम के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किया गया था। सभी अतिथि आयोजन में मास्क लगाकर पहुंचे थे।
कार्यक्रम में राज्यपाल, मुख्यमंत्री, सरकार के कुछ मंत्री और पत्रकार भी मौजूद थे। इतना ही नहीं राष्ट्रीय महामंत्री संगठन शिव प्रकाश और प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू, प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय कुमार, पार्टी के प्रदेश महामंत्री, प्रदेश मीडिया प्रभारी व कई अन्य नेताओं ने कार्यक्रम में शिरकत की थी। इसके बाद भगत ने 24 अगस्त को मीडिया कर्मियों को सहभोज के लिए आमंत्रित किया था। इसी आयोजन के दौरान उन्होंने विधायक कुंवर प्रणव चैंपियन की पार्टी में वापसी कराई थी। सूत्रों के अनुसार, इस पार्टी में उनके बेटे मौजूद नहीं थे। भगत के बेटे की कोविड जांच आज आई है। इधर, यह सूचना मिलने के बाद भगत के सेल्फ क्वारंटीन हो जाने की सूचना है।
संगठन विस्तार पर हुईं बैठकें
संगठन के विस्तार को लेकर भाजपा के तीनों प्रदेश महामंत्रियों अजेय कुमार, कुलदीप कुमार और राजेंद्र भंडारी की प्रदेश अध्यक्ष के यमुना कालोनी स्थित आवास पर बैठकें हुई। पार्टी नेता बता रहे हैं कि इन बैठकों से भगत दूर रहे। अब शनिवार से बैठकों के दौर भाजपा कार्यालय में होंगे। भगत चाहते हैं कि 31 अगस्त तक प्रदेश कार्यसमिति के लिए नाम तय हो जाएं। शुक्रवार को मोर्चों की कार्यसमिति और जिला अध्यक्षों व कार्यकारिणी लेकर मंथन हुआ। मोर्चों के अध्यक्षों से बातचीत हुई।
ऊधमसिंह नगर जिले में कोरोना संक्रमण तेजी से फैल रहा है। जिले में अब तक 3310 कोरोना पॉजिटिव केस आ चुके हैं। वहीं, उत्तराखंड में कोरोना संक्रमण के मामले में ऊधमसिंह नगर तीसरे नंबर पर पहुंच चुका है।
कोरोना संक्रमण की दृष्टि से जिले को शुरू से ही संवेदनशील माना जा रहा था। जिले में अब तक 51,593 कोरोना संदिग्धों की जांच हो चुकी है, जिनमें 3,310 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वहीं, जिले में रिकवरी दर करीब 25 प्रतिशत ही है।
कोरोना संक्रमण के मामले में सिर्फ हरिद्वार और देहरादून ही ऊधमसिंह नगर से आगे हैं। जिले में रैपिड एंटीजन किट के साथ ही आरटीपीसीआर और ट्रू नेट मशीन से कोरोना की जांच की जा रही है।
इस संबंध में कोविड-19 के नोडल अधिकारी डॉ. अविनाश खन्ना ने बताया कि डीएम के निर्देश पर कोरोना जांच के लिए सैंपलिग बढ़ा दी गई है। शुक्रवार को भी जिले में करीब 1300 सैंपल लिए गए। संक्रमितों को कोविड केयर सेंटर में भर्ती करने के साथ ही मानकों के अनुसार होम आइसोलेट किया जा रहा है।