प्रदेश में 45 से अधिक आयु वर्ग के लिए केंद्र से वैक्सीन मिल रही है। लेकिन 18 से 44 आयु वर्ग के लिए अभी तक वैक्सीन नहीं पहुंची है। इस आयु वर्ग के लिए वैक्सीन की डोज खत्म हो चुकी है। शनिवार को 45 से अधिक उम्र के लिए 54 हजार से अधिक कोवैक्सीन टीके राज्य को मिले हैं। जबकि एक लाख कोविशील्ड वैक्सीन की खेप रविवार को पहुंचेगी।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से 18 से 44 आयु वर्ग के लिए सीरम इंस्टीट्यूट से 1.41 लाख कोविशील्ड वैक्सीन खरीदी जा रही है। विभाग की ओर से वैक्सीन का भुगतान कर दिया है। लेकिन अभी तक वैक्सीन की खेप नहीं पहुंची है।
प्रदेश में 18 से अधिक आयु के लोगों के लिए वैक्सीन खत्म होने से टीकाकरण का कार्य बंद पड़ा है। हालांकि 45 से अधिक आयु वर्ग के लिए वैक्सीन होने से उन्हें टीके लगाए जा रहे हैं। शनिवार को प्रदेश के 504 केंद्रों पर 15460 लोगों को टीके लगाए गए।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की निदेशक डॉ. सरोज नैथानी ने कहा कि शनिवार को 45 से अधिक आयु वर्ग के लिए 54350 कोवैक्सीन देहरादून पहुंच गई है। एक लाख कोविशील्ड वैक्सीन करनाल स्टोर में आ चुकी है। रविवार शाम तक वैक्सीन मिल जाएगी। 18 से अधिक आयु वर्ग के 1.41 लाख वैक्सीन के लिए सीरम इंस्टीट्यूट को भुगतान कर दिया गया है। जल्द ही वैक्सीन मिल जाएगी।