देहरादून के जिलाधिकारी डॉ. आशीष कुमार श्रीवास्तव ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जिले में कोरोना की स्थिति और किए जा रहे कार्यों का ब्योरा दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि देहरादून जिले का कुछ हिस्सा मैदानी और शेष पहाड़ी है। इसलिए यहां दो अलग-अलग तरह से काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में सैंपलिंग बढ़ाने के साथ ही आइसोलेशन किट के वितरण में भी तेजी लाई गई है।
उत्तराखंड में कोरोना: 21 दिन बाद 100 से कम कोरोना मरीजों की मौत, 4785 नए संक्रमित मिले
इसके अलावा काढ़ा, अश्वगंधा, गिलोय युक्त आयुष किट का वितरण भी किया जाएगा। इस पर पीएम मोदी ने आयुष 64 टैबलेट भी शामिल करने को कहा। डीएम ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम प्रधानों के साथ समितियां बनाई गई हैं। जिनकी मदद से सर्दी, जुकाम, बुखार के लक्षणों वाले लोगों की सैंपलिंग कराने, होम आइसोलेशन किट वितरित कराने, शादी-विवाह एवं बाहर से आने वालों के लिए क्वारंटीन जैसी व्यवस्थाएं बनाने और साफ-सफाई व सैनिटाइजेशन आदि कार्यों में सहयोग लिया जा रहा है।
महिलाओं के कामकाज की सराहना
जिलाधिकारी ने कोरोना के खिलाफ लड़ाई में सहयोग कर रहे सभी कर्मियों के कामकाज की सराहना की। विशेष तौर पर महिला स्वयं सहायता समूहों का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि महिलओं के सहयोग से ही होम आइसोलेशन किट तैयार की जा रही हैं। कंटेनमेंट जोन में आशा और अन्य क्षेत्रों में आंगनबाड़ी की मदद से सर्विलांस किया जा रहा है।
ग्रामीण क्षेत्रों पर किया जा रहा फोकस
जिलाधिकारी ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में ई-संजीवनी के माध्यम टेलीमेडिसिन सेवा के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिए जा रहे हैं। अलग-अलग व्यवस्थाओं के लिए नोडल अफसरों की तैनाती की गई है। रोजाना शाम पांच बजे विभिन्न कार्यों की समीक्षा की जाती है। त्यूणी, चकराता, साहिया जैसे दूरस्थ क्षेत्रों और रायपुर व डोईवाला ब्लॉक के ग्रामीण क्षेत्रों में आंगनबाड़ी के माध्यम से इवरमैक्टिन दवा का वितरण भी कराया जा रहा है। आईटीडीए में स्मार्ट सिटी के माध्यम से जिला स्तरीय कमांड कंट्रोल सेंटर तैयार किया गया है। जिसकी मदद से लोगों की समस्याओं का निपटारा किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री से बात करना बेहद गौरवपूर्ण क्षण है। उन्होंने कोरोना के प्रभावी नियंत्रण के लिए जो निर्देश दिए, उनका निश्चित तौर पर लोगों को लाभ मिलेगा। उनके प्रोत्साहन से राज्य और जिले में कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई में जुटे कार्मिकों का हौसला बढ़ेगा।
-डॉ. आशीष कुमार श्रीवास्तव, जिलाधिकारी