उत्तराखंड में बीते 24 घंटे में 14 नए कोरोना संक्रमित मिले हैं। वहीं, दो मरीजों की मौत हुई है। जबकि 23 मरीजों को ठीक होने के बाद घर भेजा गया। सक्रिय मामलों की संख्या 238 पहुंच गई है। जबकि गुरुवार को प्रदेश में 249 सक्रिय मामले थे।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार, शुक्रवार को 16039 सैंपलों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। सात जिलों अल्मोड़ा, बागेश्वर, चमोली, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, ऊधमसिंह नगर और उत्तरकाशी में एक भी संक्रमित मरीज नहीं मिला है। वहीं, चंपावत और हरिद्वार में दो-दो, देहरादून और नैनीताल में चार-चार, पौड़ी और टिहरी में एक-एक संक्रमित मरीज मिला है।
उत्तराखंड: स्वास्थ्य मंत्री ने किया एलान, पहाड़ों में निजी अस्पताल खोलने पर अनुदान देगी सरकार
प्रदेश में अब तक कोरोना के कुल संक्रमितों की संख्या 343459 हो गई है। इनमें से 329738 लोग ठीक हो चुके हैं। प्रदेश में कोरोना के चलते अब तक कुल 7393 लोगों की जान जा चुकी है। प्रदेश की रिकवरी दर 96.01 प्रतिशत और संक्रमण दर 0.09 प्रतिशत दर्ज की गई है।
देहरादून जिले में सभी को लगी कोरोना टीके की पहली खुराक
देहरादून जिले में कोरोना टीकाकरण को लेकर राहत भरी खबर है। जिले में 18 साल से अधिक उम्र के सभी लोगों को कोरोना टीके की पहली खुराक लग गई है। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, डॉक्टरों, अन्य कर्मियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के सहयोग से इस लक्ष्य को लगभग नौ महीने में हासिल किया गया। पूरे अभियान के दौरान समय-समय पर रणनीति बनाई गई और कार्य के अतिरिक्त दायित्वों को देखते हुए तीन जिला प्रतिरक्षण अधिकारी भी बदले गए।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. दिनेश चौहान ने बताया कि जिले में 18 साल से अधिक उम्र के 1427997 लोगों को टीका लगाने की सूची विभाग को मिली थी। जिनमें 41215 स्वास्थ्यकर्मियों, 28413 फ्रंट लाइन वर्कर, 18 से 44 साल तक की उम्र वाले 911583, 45 साल से अधिक उम्र के 516414 लोगों को कोरोना टीके की दोनों खुराक लगाने का लक्ष्य है।
इसमें से टीके की पहली खुराक लगाने के लक्ष्य को पूरा कर लिया गया है। जबकि, 93 प्रतिशत लोगों को दूसरी खुराक भी लग चुकी है। डॉ. चौहान ने बताया कि टीके की दूसरी खुराक लगाने के लक्ष्य को भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा। जिलाधिकारी डॉ. आर. राजेश कुमार और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज उप्रेती ने इस उपलब्धि पर पूरी टीम को बधाई दी है। साथ ही सामाजिक संगठनों और आमजन के सहयोग का भी आभार जताया है। उन्होंने अपील की है कि दूसरी खुराक भी सभी लोग लगवा लें।