सरकारी दफ्तरों में तेजी से पैर पसार रहा कोरोना
हरिद्वार में सरकारी दफ्तरों में कोरोना तेजी से पैर पसार रहा है। अधिकारियों-कर्मचारियों के पॉजिटिव होने से सरकारी कामकाज प्रभावित हो रहा है। नया साल शुरू होते ही जनवरी के पहले सप्ताह से कोरोना संक्रमण के नए वैरिएंट की दस्तक और तीसरी लहर की आशंका के बीच बड़ी संख्या में संक्रमित सामने आ रहे हैं। 23 जनवरी को अधिकतम 961 केस सामने आ चुके हैं। सरकारी दफ्तरों में बड़ी तेजी से कोरोना पैर पसार रहा है।
आए दिन कोरोना पॉजिटिव मरीज सामने आ रहे हैं। 21 जनवरी को 45 सरकारी कर्मचारी पॉजिटिव मिले थे। 22 जनवरी को कर्मचारियों की संख्या बढ़कर 68 हो गई। 23 जनवरी को तो अब तक सबसे अधिक 178 सरकारी कर्मचारी कोरोना संक्रमित पाए गए थे। नगर निगम हरिद्वार में अकेले लगभग सौ कर्मचारी और दो सहायक नगर अधिकारी संक्रमित हो चुके हैं।
विकास भवन में भी करीब 50 कर्मचारी हाल ही में संक्रमित पाए जा चुके हैं। सेल टैक्स विभाग में भी लगभग 20 कर्मचारी पॉजिटिव हो चुके हैं। 23 जनवरी को जिला कोर्ट में भी जिला जज समेत 75 कर्मचारी-अधिकारी कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इससे ये सरकारी विभाग कोरोना के हॉट-स्पॉट बनते जा रहे हैं। सीएमओ डा. कुमार खगेंद्र सिंह का कहना है कि कर्मचारियों के पॉजिटिव मिलते ही उन्हें होमआइसोलेट कर जरूरी उपचार शुरू कर दिया जाता है।
उत्तराखंड में कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए टीकाकरण अभियान लक्ष्य की तरफ बढ़ रहा है। पिछले दो सप्ताह के भीतर लक्ष्य की तुलना में 25 प्रतिशत लोगों को एहतियाती डोज लगाई गई है। जबकि 15 से 18 साल के 59.8 प्रतिशत किशोरों को पहली डोज लग चुकी है।
केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार प्रदेश में तीन जनवरी से 15 से 18 वर्ष के किशोरों को पहली और 10 जनवरी से 60 वर्ष से ऊपर के बुजुर्गों, स्वास्थ्य कर्मियों और फ्रंटलाइन वर्करों को एहतियाती डोज लगाने शुरू की गई। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में 550171 बुजुर्गों, स्वास्थ्य कर्मचारियों और फ्रंटलाइन वर्करों को एहतियाती डोज लगाने का लक्ष्य रखा है। इसकी तुलना में अब तक 140050 लोगों को वैक्सीन की एहतियाती डोज लगाई जा चुकी है। जबकि 6.28 लाख किशोरों का टीकाकरण किया जाना है। इसमें अब तक 59.8 प्रतिशत किशोरों को वैक्सीन लगाई जा चुकी है।
राज्य प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. कुलदीप मर्तोलिया ने बताया कि प्रदेश में टीकाकरण अभियान सुचारु रूप से चल रहा है। प्रदेश में बारिश और बर्फबारी के कारण कोविड टीकाकरण की रफ्तार कुछ कम हुई है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वैक्सीन की पहली, दूसरी और एहतियाती डोज अवश्य लगाएं।
प्रदेश में कोविड टीकाकरण की स्थिति
जनपद एहतियाती डोज किशोरों को लगी पहली डोज
अल्मोड़ा 8313 23509
बागेश्वर 5985 13429
चमोली 7172 16562
चंपावत 3232 9699
देहरादून 37337 73060
हरिद्वार 18364 51704
नैनीताल 15458 38785
पौड़ी 9655 25074
पिथौरागढ़ 7688 19426
रुद्रप्रयाग 2828 10077
टिहरी 7055 24694
ऊधमसिंह नगर 10397 56041
उत्तरकाशी 6566 13256
कुल 140050 375316
उत्तराखंड में बीते सात दिनों में संक्रमण दर ने बड़ी छलांग लगाई है। नैनीताल जिले की संक्रमण दर 34.16 प्रतिशत है, जो सबसे अधिक है। जबकि संक्रमण दर में पौड़ी, टिहरी, रुद्रप्रयाग जिले, देहरादून जिले से भी आगे हैं। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के आधार पर सोशल डेवलपमेंट फॉर कम्युनिटी फाउंडेशन ने पिछले एक सप्ताह में जिलावार संक्रमण दर की रिपोर्ट जारी की है। रिपोर्ट के अनुसार बीते सप्ताह 17 से 23 जनवरी तक प्रदेश में कुल 228483 सैंपलों की जांच की गई। जिसमें 30447 संक्रमित मिले हैं। प्रदेश भर में संक्रमण दर 13.33 प्रतिशत रही। जबकि जिला स्तर पर कोविड जांच में नैनीताल जिले की संक्रमण दर सबसे अधिक 34.16 प्रतिशत है। वहीं, हरिद्वार जिले की सबसे कम 6.64 प्रतिशत रही।
पौड़ी, टिहरी और रुद्रप्रयाग जिले की संक्रमण दर देहरादून जिले से ज्यादा है। पौड़ी जिला 19.06 प्रतिशत संक्रमण के साथ दूसरे स्थान और टिहरी जिला 16.52 प्रतिशत संक्रमण के साथ तीसरे स्थान पर है। देहरादून जिले में कोविड जांच अधिक होने से संक्रमित भी ज्यादा मिले, जिससे इस जिले में संक्रमण दर 15.39 प्रतिशत रही। फाउंडेशन के अध्यक्ष अनूप नौटियाल का कहना है कि प्रदेश में जिस तरह से संक्रमण दर का ग्राफ बढ़ रहा है, उसे देखते हुए सभी लोगों को संक्रमण के प्रति सतर्क रहने की जरूरत है।
पिछले एक सप्ताह संक्रमण दर की स्थिति
जिला सैंपल संक्रमित संक्रमण दर
नैनीताल 11430 3905 34.16
पौड़ी 9614 1832 19.06
टिहरी 5062 836 16.52
रुद्रप्रयाग 4474 707 15.80
देहरादून 68273 10508 15.39
चमोली 6949 1027 14.78
अल्मोड़ा 8646 1263 14.61
बागेश्वर 5658 809 14.30
ऊधमसिंह नगर 21994 3064 13.93
पिथौरागढ़ 7125 847 11.89
चंपावत 6756 764 11.31
उत्तरकाशी 5121 412 8.05
हरिद्वार 67381 4473 6.64