तीन डॉक्टरों समेत 34 लोग कोरोना संक्रमित
बेस अस्पताल श्रीनगर में आरटीपीसीआर जांच के लिए सैंपल देने वाले 34 लोग कोरोना संक्रमित निकले। रविवार को भी तीन डॉक्टरों समेत मेडिकल कॉलेज/बेस अस्पताल के 10 कर्मचारियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। कोविड अस्पताल के पीआरओ अरुण बडोनी ने बताया कि बाल रोग विभाग की एसोसिएट प्रोफेसर, टीबी एवं चेस्ट रोग विभाग के सहायक प्रोफेसर और स्त्री रोग एवं प्रसूति विभाग की एक जूनियर डॉक्टर की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके अलावा इंटर्न, एमबीबीएस छात्र, वैक्सीनेटर, वार्ड ब्वॉय, वार्ड अटेंडेंट और क्लर्क कोरोना संक्रमित हुए हैं। उन्होंने बताया कि 31 लोग आरटीपीसीआर और तीन लोग रैपिड एंटीजन टेस्ट में पॉजिटिव निकले।
कोटद्वार क्षेत्र में पांच बच्चों समेत 154 लोग हुए कोरोना पॉजिटिव
नगर निगम कोटद्वार क्षेत्र समेत निकटवर्ती द्वारीखाल, जयहरीखाल और रिखणीखाल ब्लाॅक क्षेत्र में रविवार को भी लोगों के कोरोना संक्रमित होने का सिलसिला जारी रहा। जिला कोविड वॉर रूम से मिली जानकारी के अनुसार कोटद्वार नगर निगम क्षेत्र के 141 लोगों समेत निकटवर्ती पर्वतीय क्षेत्र के 154 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। स्वास्थ्य विभाग ने सभी संक्रमितों को होम आइसोलेट कर उनका कोरोना उपचार शुरू कर दिया है।
सीएमओ पौड़ी डॉ. प्रवीन कुमार ने बताया कि कोटद्वार नगर निगम क्षेत्र के झंडीचौड़ में एक पांच और एक नौ साल का बच्चा, लकड़ी पड़ाव में एक तीन साल का बच्चा, आमपड़ाव में नौ साल का बच्चा और बालासौड़ में एक दो साल की बच्ची कोरोना पॉजिटिव आई है। इसके अलावा निगम क्षेत्र में 94 व्यक्ति और 47 महिलाएं कोरोना संक्रमित पाई गई है।