उत्तराखंड में कोविड टीकाकरण को लेकर आगामी 40 दिन में कठिन परीक्षा होगी। सरकार की ओर से तय किए गए टीकाकरण लक्ष्य को हासिल करने के लिए अब 40 दिन में 32 लाख से ज्यादा टीके लगाने होंगे। प्रदेश में बीते 10 दिनों में वैक्सीन की 4.57 लाख डोज लगाई गई हैं। टीकाकरण की रफ्तार कम होने से प्रतिदिन टीके लगाने का लक्ष्य भी बढ़ रहा है।
सोशल डेवलपमेंट फॉर कम्युनिटी फाउंडेशन के अनुसार 31 दिसंबर तक राज्य में वैक्सीनेशन का लक्ष्य हासिल करने के लिए अब हर रोज 82318 डोज लगानी होगी। 10 दिन पहले प्रतिदिन का टीकाकरण का लक्ष्य 75014 था, जो अब बढ़ गया है।
एसडीसी फाउंडेशन की ओर से प्रदेश में लक्ष्य के अनुसार प्रतिदिन के हिसाब से कोविड टीकाकरण का विश्लेषण किया जा रहा है। फाउंडेशन के मुताबिक उत्तराखंड में 12 से 21 नवंबर के बीच 4.57 लाख से अधिक कोविड वैक्सीन की डोज दी गई। राज्य में 18 वर्ष से ज्यादा उम्र के 75.40 लाख लोगों को पहली डोज और 46.26 लाख लोगों को दोनों डोज लगाई जा चुकी है। अब तक कुल 1.21 करोड़ से अधिक वैक्सीन डोज दी गई।
एसडीसी फाउंडेशन के अध्यक्ष अनूप नौटियाल ने बताया कि पहले के मुकाबले प्रतिदिन का लक्ष्य अब तेजी से बढ़ रहा है। अगले 40 दिन में 32.92 लाख से अधिक लोगों को कोविड वैक्सीन लगाई जानी है। दिसंबर तक शत प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के लिए टीकाकरण में तेजी लाने की जरूरत है।