लोगों को कोविड गाइडलाइन का पाठ पढ़ाने वाला स्वास्थ्य विभाग खुद लापरवाह बना हुआ है। कोटद्वार बेस अस्पताल में उमड़ रही भीड़ सामाजिक दूरी की धज्जियां उड़ा रही है लेकिन इस ओर किसी का ध्यान नहीं है। आलम यह है कि अस्पताल के पर्ची काटने वाले एक हॉल में सैकड़ों लोग एक साथ लाइन में लगे हैं।
बेस अस्पताल कोटद्वार की दूसरी मंजिल पर लोगों के लिए ओपीडी और जांच की पर्ची कटाने के लिए काउंटर बनाया गया है। सोमवार सुबह नौ बजे से ही दूसरी मंजिल के हॉल में सैकड़ों लोग एक दूसरे से सटकर लाइन में खड़े दिखाई दिए। कई लोगों ने मास्क तक नहीं पहना हुआ था। सुबह नौ बजे से दोपहर बाद तक पर्ची काटने वाला पूरा हॉल खचाखच भरा रहा लेकिन न तो पुलिस और न पीआरडी के जवान, न ही अस्पताल प्रबंधन की ओर से नियमों का पालन करवाया गया।
स्थानीय नागरिक सुदीप बौंठियाल, महेश देवरानी, दीपक शर्मा, राजेंद्र नेेगी ने स्वास्थ्य विभाग पर लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि कई बार अस्पताल प्रबंधन को इसकी शिकायत की गई लेकिन कार्रवाई नहीं होती है।
बेस अस्पताल में सामाजिक दूूरी का पालन कराने के लिए पीआरडी के जवानों को तैनात किया गया है। एक हॉल में जगह की कमी के कारण दिक्कतें आ रही हैं, शीघ्र समस्या का समाधान कर लिया जाएगा।
- डॉ. बीसी काला, पीएस बेस अस्पताल कोटद्वार