उत्तराखंड में शत प्रतिशत कोविड टीकाकरण का लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रतिदिन 90 हजार वैक्सीन की डोज लगानी होगी। टीकाकरण की रफ्तार कम होने से प्रतिदिन का लक्ष्य बढ़ रहा है। 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में अभी 27.25 लाख से ज्यादा वैक्सीन डोज लगाने का लक्ष्य बाकी है।
प्रदेश सरकार ने प्रदेश में शत प्रतिशत कोविड टीकाकरण करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए 30 दिन का समय शेष रह गया है। सोशल डेवलपमेंट फॉर कम्युनिटी फाउंडेशन ने प्रतिदिन के हिसाब से कोविड टीकाकरण की विश्लेषण रिपोर्ट जारी की है। इस रिपोर्ट के मुताबिक प्रदेश में पिछले 10 दिन में वैक्सीन की कुल 5.67 लाख डोज दी गई। लक्ष्य हासिल करने को अगले 30 दिन के भीतर 27.25 लाख वैक्सीन लगानी होगी। 31 दिसंबर तक 18 वर्ष से ज्यादा उम्र के सभी लोगों का टीकाकरण करना है, तो इसके लिए हर रोज 90849 डोज वैक्सीन लगानी होगी।
प्रदेश में अब 18 वर्ष से अधिक आयु के 75.93 लाख लोगों को पहली डोज और 51.40 लाख को वैक्सीन की दोनों डोज दी जा चुकी हैं। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार राज्य में कोविड वैक्सीन की जरूरत वाले 18 से 44 वर्ष के लोगों की कुल संख्या 49.34 लाख है और 45 वर्ष से ज्यादा उम्र के लोगों की संख्या 27.95 लाख है।
लक्ष्य पूरा करने के लिए टीकाकरण में जिस तेजी की जरूरत है, वह अब भी नहीं आई है। जबकि अब लक्ष्य पूरा करने के लिए 30 दिन का समय ही बाकी है। सरकार को चाहिए कि वैक्सीनेशन के लिए अब भरपूर और घर घर जाकर टीकाकरण का प्रयास करे। अनूप ने अपील की है कि सरकार को टीकाकरण मुहिम में जनप्रतिनिधि और धार्मिक गुरुओं को शामिल करना चाहिए। साथ ही जिन लोगों ने अभी तक टीका नहीं लगवाया है वे वैक्सीन की दोनों डोज अवश्य लगवाएं।
- अनूप नौटियाल, अध्यक्ष, सोशल डेवलपमेंट फॉर कम्युनिटी फाउंडेशन