उत्तराखंड में कोरोना फिर रफ्तार पकड़ने लगा है। मंगलवार को प्रदेश में संक्रमितों का आंकड़ा 100 के पार पहुंच गया। बीते 24 घंटे के भीतर प्रदेश में 102 नए कोरोना संक्रमित मिले हैं, जबकि 52 मरीज ठीक हुए हैं। 372 सक्रिय मरीजों का इलाज चल रहा है। वहीं, एक भी मरीज की मौत नहीं हुई। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक मंगलवार को 1758 सैंपलों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है।
कोविड महामारी के दौरान राजकीय मेडिकल कालेजों और अस्पतालों में आउटसोर्स के माध्यम से रखे गए कर्मचारियों को दोबारा से छह माह के लिए रखा जाएगा। आउटसोर्स कर्मियों को समायोजित करने के लिए सरकार की ओर से गठित मंत्रिमंडल उप समिति की बैठक में यह निर्णय लिया गया। शासन ने उप समिति की ओर से लिए गए निर्णय पर कार्रवाई करने को सभी मुख्य चिकित्साधिकारियों को निर्देश दिए हैं।
कोविड महामारी में सरकार ने स्वास्थ्य और चिकित्सा विभाग में आउटसोर्स के माध्यम से कर्मचारियों को तैनात किया था। इसमें स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से अस्पतालों में 986 और चिकित्सा शिक्षा विभाग ने राजकीय मेडिकल कालेजों में 676 कर्मचारियों को तैनात किया था। 31 मार्च 2022 को अनुबंध समाप्त होने पर इन कर्मचारियों को हटा दिया गया। इससे 1662 कर्मचारियों ने सड़कों पर उतर कर आंदोलन किया।