होम क्वारंटीन का मानकों के अनुरूप पालन हो रहा है या नहीं, इसकी लगातार चैकिंग भी की जाए, आकस्मिक निरीक्षण किए जाएं। गांवों में क्वारंटीन सुविधा पर विशेष ध्यान दिया जाए। इसके लिए ग्राम प्रधानों को निर्देशानुसार धनराशि दी जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें त्वरित रोजगार और आजीविका सृजन के लिए खेती, बागवानी, पशुपालन, मत्स्य को प्राथमिकता देनी होगी। हाल ही में किसानों के लिए केन्द्र सरकार द्वारा कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं, इनका लाभ किसानों तक पहुंचाने के लिए कार्ययोजना बनाई जाए।
बैठक में मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह ने टेस्टिंग को बढाने और कांटेक्ट ट्रेसिंग पर विशेष ध्यान देने को कहा। सचिव कृषि आर मीनाक्षी सुंदरम ने जिलाधिकारियों को फसलों का क्लस्टर चिह्निकरण जल्द करने के निर्देश दिए।
उपलब्ध कराए जा चुके 686 करोड़ रुपये
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में सचिव स्वास्थ्य अमित नेगी ने बताया कि कोविड-19 के लिए कुल 686 करोड़ रुपये का बजट उपलब्ध कराया जा चुका है। इसमें एनएचएम को 160 करोड़ रुपये, चिकित्सा शिक्षा को 150 करोड़, एसडीआरएफ से स्वास्थ्य को 16 करोड़ रुपये, जिला प्लान में 150 करोड़ रुपये, डीएम फंड में 70 करोड़ रुपये, सीएम राहत कोष से 50 करोड़ रुपये और एसडीआरएफ से जिलाधिकारियों को 90 करोड़ रुपये उपलब्ध कराए गए हैं।