कोरोना संक्रमण की आशंका को देखते हुए उत्तरकाशी के बड़कोट में 23 जुलाई तक पूरी तरह लॉकडाउन रहेगा। सोमवार को पुलिस-प्रशासन, नगर पालिका और व्यापार मंडल की संयुक्त बैठक में यह फैसला लिया गया। इस दौरान वाहन भी नहीं चलेंगे।
बीते दो दिनों में कोरोना के दो पॉजिटिव केस सामने आने और दोनों का ही कोई यात्रा इतिहास न होने से लोगों में डर है। इनमें एक व्यापारी भी शामिल है। ऐसे में लोगों को सामुदायिक संक्रमण का खतरा सता रहा है।
इसी को लेकर संयुक्त बैठक बुलाई गई थी। इसमें सर्वसम्मति से सोमवार रात आठ बजे से 23 जुलाई रात आठ बजे तक पूरी तरह लॉकडाउन रखने का निर्णय लिया गया। व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रखने के साथ ही वाहनों की आवाजाही पर भी पाबंदी रहेगी। लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रदेश में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच दो जिलों ने कोरोना से जंग जीती है। रुद्रप्रयाग के बाद बागेश्वर जिला भी कोरोना मुक्त हो गया है। जबकि हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, देहरादून और नैनीताल जिले में सबसे अधिक सक्रिय मामले हैं।
रुद्रप्रयाग जिले में अब तक कोरोना संक्रमण के कुल 67 मामले सामने आए हैं। इसमें 66 मरीज ठीक होकर घर लौट गए हैं। जबकि एक संक्रमित की मौत हुई है। वहीं, बागेश्वर जिले में 95 संक्रमित मामलों में 94 मरीज ठीक हुए हैं और एक संक्रमित की मौत हुई है। वर्तमान में दोनों जिलों में कोरोना का एक भी मरीज भर्ती नहीं है।
हरिद्वार जिले में 389, ऊधमसिंह नगर में 379, देहरादून में 265 और नैनीताल जिले के 183 सक्रिय मामले हैं। पूरे प्रदेश में सक्रिय मामले 1338 पहुंच गए हैं। प्रदेश में संक्रमित मामले बढ़ने से रिकवरी दर 69.19 प्रतिशत और डबलिंग दर 21.93 दिन पर आ गई है।