मुख्यमंत्री ने पर्यटकों के लिए उत्तराखंड आने की अनुमति से फिलहाल इंकार कर दिया है। उनका कहना है कि सरकार के पास विचार आ रहे हैं कि जो लोग कोविड फ्री हो चुके हैं उन्हें आने की अनुमति दे दी जाए। लेकिन पिछले दो-तीन दिन से प्रदेश में कोरोना संक्रमितों के मामले बढ़े हैं। इसलिए सरकार सोच विचार करके ही निर्णय लेगी।
मुख्यमंत्री बुधवार को सचिवालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। चारधाम यात्रा शुरू होने के बाद अब बाहरी राज्यों के पर्यटकों को राज्य में आने की अनुमति देने के प्रश्न पर सीएम ने कहा कि ऐसे कई विचार सरकार के पास आ रहे हैं। एक विचार यह भी है कि बहुत से लोग कोविड फ्री हो चुके हैं।
उनके अंदर एंटीबॉडी डेवलप हो चुकी है। ऐसे लोगों को प्रदेश में आने की अनुमति दी जानी चाहिए। ऐसे तमाम तरह के सुझावों पर सरकार सोच विचार करके निर्णय करेगी। उन्होंने कहा कि पिछले दो दिन से केस बढ़ें हैं। इन सभी बातों को ध्यान में रखकर ही सरकार आगे का निर्णय लेगी।
होटल इंडस्ट्री एसोसिएशन का सुझाव
उत्तराखंड होटल इंडस्ट्री एसोसिएशन भी कायाकल्प टूरिज्म की वकालत कर रही है। एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संदीप साहनी ने अमर उजाला के वेबिनार के माध्यम से सरकार को कोविड विजेताओं को उत्तराखंड में सैर करने की अनुमति देने का सुझाव दिया था।