कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ने से केंद्रीय वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय और डीओपीटी ने फील्ड ट्रेनिंग के साथ क्लास ट्रेनिंग पर पूरी तरह से रोक लगा दी है। इसके बाद इंदिरा गांधी नेशनल फॉरेस्ट अकेडमी (आईजीएनएफए) में ट्रेनी आईएफएस अफसरों को ऑनलाइन प्रशिक्षण की कवायद शुरू की गई है।
आईजीएनएफए के एडिशनल डायरेक्टर एसके अवस्थी ने बताया कि फिलहाल सभी ट्रेनी आईएफएस अफसरों को ऑनलाइन ट्रेनिंग दी जा रही है। सभी प्रकार की फील्ड ट्रेनिंग और क्लास ट्रेनिंग पर रोक लगा दी गई है।
ट्रेनी आईएफएस अफसरों को केंद्र और राज्य सरकार की गाइडलाइन का पालन कड़ाई से करने की सख्त हिदायत दी गई है। यदि कोई गाइडलाइन का पालन नहीं करेगा तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि भारत भूमि अस्पताल ऋषिकेश में 140 बेड बढ़ाए गए हैं। सिनर्जी अस्पताल को पेड कोविड केयर सेंटर बनाया गया है।
सीएमओ को महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में 200 आईसीयू बेड बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। अभी जिले में 51 आईसीयू, 316 ऑक्सीजन और 471 साधारण बेड उपलब्ध हैं।
होम आइसोलेशन को ऑनलाइन कर सकेंगे रजिस्ट्रेशन
होम आइसोलेशन के लिए अब ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन किया जा सकेगा। जिलाधिकारी ने बताया कि अब तक ऑफलाइन व्यवस्था में लोगों को परेशान होना पड़ता था। अब दून स्मार्ट सिटी की वेबसाइट
https://dsclservices.org.in/self-isolation.php पर रजिस्ट्रेशन किया जा सकता है।
इससे अनुमति की प्रक्रिया आसान होगी। वहीं, संबंधित व्यक्ति तक आवश्यक सेवाएं पहुंचाना और निगरानी भी आसान होगी।