देवाल क्षेत्र में कोरोना संक्रमितों के मिलने का सिलसिला जारी है। पीएचसी देवाल के प्रभारी डॉ. शहजाद अली ने बताया कि शनिवार को मिली रिपोर्ट के अनुसार देवाल के गांवों ओडर में चार, घेस में चार, जैनबिष्ट में दो व चौड़ गांव में 12 लोग संक्रमित मिले। संक्रमितों को होम आइसोलेशन में रहने के लिए कहा गया है और उन्हें दवाइयां भेजी जा रही हैं। उन्होंने लोगों से कोविड की गाइडलाइन के तहत मास्क पहनने और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने के लिए कहा है।
कोरोना संक्रमण से तीन लोगों की मौत, 69 संक्रमित
कोरोना संक्रमण से कोटद्वार क्षेत्र में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 69 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सभी संक्रमितों को आइसोलेट कर उनका कोरोना उपचार किया जा रहा है। संक्रमितों के सीधे संपर्क में आने वाले लोगों का कोरोना टेस्ट किया जा रहा है।
नेपाल से भारत आने पर रोक हटी
झूलाघाट (पिथौरागढ़) में कंटेनमेंट जोन से हटने के बाद झूलाघाट स्थित सीमा पुल से सामान्य आवाजाही रविवार से शुरू हो जाएगी। भारत में प्रवेश करने से पहले लोगों को कोरोना की निगेटिव रिपोर्ट दिखानी होगी। रिपोर्ट 72 घंटे पूर्व तक की मान्य होगी।
विधायक दास इलाज के लिए देहरादून गए
कोरोना संक्रमित बागेश्वर के विधायक चंदन राम दास को बेहतर इलाज के लिए देहरादून ले जाया गया है। विधायक की कोरोना जांच रिपोर्ट शुक्रवार को पॉजिटिव आई थी। वह बागेश्वर के कोविड अस्पताल में भर्ती थे। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. एलएस बृजवाल ने बताया कि शनिवार की सुबह उन्हें बेहतर इलाज के लिए एंबुलेंस से देहरादून भेजा गया। उनके साथ एक डॉक्टर और स्टाफ नर्स को भी भेजा गया है। डॉ. बृजवाल ने बताया कि विधायक की हालत ठीक थी।