प्रदेश में कोरोना संक्रमण को मात देने वाले मरीजों की संख्या बढ़ रही है। मई में नए संक्रमितों और स्वस्थ होने वाले मरीजों के आंकड़ों में बड़ा अंतर नहीं है। 1 से 26 मई तक प्रदेश में 8.80 लाख से अधिक सैंपलों की जांच की गई। जिसमें 141265 कोरोना संक्रमित मिले हैं। इसकी तुलना में 141617 मरीज स्वस्थ हुए हैं। जबकि बैकलॉग की मौत को मिलाकर मई में अब तक मरीजों की मौत का आंकड़ा 3489 हो गया है। सैंपल जांच के आधार पर संक्रमण दर में भी कमी आई है। 16 मई को संक्रमण दर 13.11 प्रतिशत दी थी। जो घट कर 8.14 प्रतिशत हो गई है।
कोरोना आंकड़ों का अध्ययन कर रहे सोशल डेवलपमेंट फॉर कम्युनिटी फाउंडेशन के अध्यक्ष अनूप नौटियाल का कहना है कि प्रदेेश में नए मरीजों की तुलना में अधिक मरीज स्वस्थ हो रहे हैं, लेकिन बीते दिन दिनों से नए मरीज बढ़े हैं। रिकवरी दर कम हुई और संक्रमण दर में बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है। अभी कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए और अधिक प्रयास करने की आवश्यकता है।