कोरोना मरीजों की सहायता के लिए बुधवार को राजपुर क्षेत्र में पुलिस ने दो ऑटो एंबुलेंस की शुरूआत की। बुधवार को इनकी शुरूआत एसएसपी ने हरी झंडी दिखाकर की। यदि एंबुलेंस उपलब्ध कराने की पहल सार्थक रही तो प्रत्येक थाना क्षेत्र में ऑटो एंबुलेंस चलाई जाएंगी।
एसएसपी डा. योगेंद्र सिंह रावत ने बताया कि पुलिस की ओर से मिशन हौसला चलाया जा रहा है। आपदा इस घड़ी में लोग पुलिस से संपर्क कर दवाओं, ऑक्सीजन सिलिंडर और अस्पताल में बेड की व्यवस्था के लिए अनुरोध कर रहे हैं। पुलिस हर संभव मदद तत्काल पहुंचा रही है।
कोरोना के बढ़ते मामलों के कारण कई बार तत्काल एंबुलेंस और ऑक्सीजन सिलिंडर की व्यवस्था न होने की वजह से अनहोनी होने की संभावना बनी रहती है। इस समस्या को ध्यान में रखते हुए ऑटो एंबुलेंस सेवा को थाना राजपुर क्षेत्र में शुरू किया जा रहा है।
ऑटो एंबुलेंस में नियुक्त ऑटो चालक को विशेषज्ञ डॉक्टरों ने प्रशिक्षण दिया है। ऑटो एंबुलेंस सेवा के सकारात्मक परिणाम आने पर अन्य थाना क्षेत्रों के लिए भी सेवा शुरू की जाएगी। ऑटो एंबुलेंस में ऑक्सीजन सिलिंडर और अन्य जरूरी उपकरण हैं।