कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर को देखते हुए केंद्रीय विद्यालय लैंसडौन में अभी ग्रीष्मकालीन अवकाश कर दिया गया है। अब केवि 27 मई तक बंद रहेगा। प्रधानाचार्य उर्मिला ने बताया कि कोरोना महामारी के बढ़ते प्रकोप के कारण क्षेत्रीय कार्यालय देहरादून संभाग की ओर से मिले निर्देश के तहत विद्यालय को 27 मई तक के लिए बंद कर दिया गया है। विद्यालय का पठन-पाठन बाधित न हो, इसके लिए सभी कक्षाओं की ऑनलाइन कक्षाएं शुरू करने की व्यवस्था की जाएगी।
पुरोला नगर का वार्ड चार माइक्रो कंटेनमेंट जोन घोषित
पुरोला नगर के वार्ड नंबर 4 कोर्ट रोड में एक साथ चार लोगों की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। एसडीएम सोहन सिंह नेगी ने बताया कि कोरोना संक्रमण को बढ़ने से रोकने के लिए क्षेत्र में आवाजाही प्रतिबंधित कर दी गई है। पॉजिटिव मिले लोगों की निगरानी के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सकों को निर्देशित किया गया है। क्षेत्र में रसद आपूर्ति हेतु पूर्ति निरीक्षक को आदेश जारी कर दिए गए हैं। एसडीएम सैनी ने बताया कि क्षेत्र के सीमांतर्गत सभी दुकानें, व्यापारिक प्रतिष्ठान अग्रिम आदेशों तक बंद रहेंगे।
बागेश्वर में कोरोना संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। जिले के मुख्य शिक्षाधिकारी पदमेंद्र सिंह सकलानी भी संक्रमित हो गए हैं। उनके संक्रमित आने से कार्यालय में खलबली मच गई। स्वास्थ्य विभाग ने पूरे कार्यालय को सैनिटाइज करवाया। विभाग में कार्यरत 47 कर्मचारियों के सैंपल भी कोरोना जांच के लिए गए हैं।
मुख्य शिक्षाधिकारी की रिपोर्ट सोमवार शाम को आई। जिसके बाद उन्हें कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया। इधर, उनके संक्रमित होने के बाद मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की मोबाइल टीम ने कार्यालय में सैनिटाइजेशन करवाया।
संपर्क में आए और कार्यालय में कार्य करने वाले कर्मचारियों की भी आरटी-पीसीआर जांच की गई। कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार कई कर्मचारियों ने स्वयं को क्वारंटीन कर लिया है। इधर सीएमओ, डॉ. बीडी जोशी ने बताया कि सीईओ के संक्रमित आने के बाद उनके संपर्क में आए लोगों तो आइसोलेट रहने की हिदायत दी गई है।
कुंभ से लौटे दो पुलिसकर्मी भी संक्रमित
कुंभ ड्यूटी से लौटे जिले के दो पुलिस कर्मचारी भी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। एसपी अमित श्रीवास्तव ने बताया कि जिले से 80 से अधिक पुलिस कर्मचारी कुंभ ड्यूटी में गए थे। जिनके लौटने का सिलसिला चल रहा है। बताया कि सभी जवानों की आरटी-पीसीआर जांच कराई जा रही है।
अभी तक हुई जांच के आधार पर दो जवान पॉजिटिव पाए गए। जिन्हें आइसोलेशन से कोविड अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। बताया कि कुंभ से लौटने वाले सभी कर्मचारियों की जांच कराई जा रही है। उन्हें जांच रिपोर्ट आने तक आइसोलेट किया जा रहा है।