शासन के निर्देश पर चमोली जिला प्रशासन ने कोरोना वायरस के संक्रमण की आशंका को देखते हुए जिले की सीमाएं सील कर दी हैं। सीमा क्षेत्र गैरसैंण, गौचर और मंडल रोड से आवाजाही कर रहे स्थानीय लोगों की स्क्रीनिंग कराने के बाद उनसे आवाजाही का कारण भी पूछा जा रहा है। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने कहा कि सुरक्षा और जागरुकता से ही इस जानलेवा वायरस पर काबू पाया जा सकता है।
चमोली जिले में कोरोना वायरस को लेकर जिला प्रशासन के साथ ही पुलिस, पंचायत पंचायत, नगर पालिका अपनी-अपनी ओर से जागरुकता कार्यक्रम आयोजित कर रही है। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने बताया कि गैरसैंण, गौचर और मंडल रोड से पर्यटकों कीआवाजाही पर पूर्ण रुप से रोक लगा दी गई है।
स्थानीय लोगों से भी अनावश्यक आवाजाही से बचने के लिए कहा जा रहा है। आवाजाही कर रहे लोगों की तीन चरणों में रिपोटिंग की जा रही है। सबसे पहले उनकी स्क्रीनिंग की जा रही है। इसके बाद उनके आवाजाही की जानकारी ली जा रही है।
बाजारों में पसरा रहा सन्नाटा, ग्राहकों के इंतजार में बैठे रहे दुकानदार
कोरोना वायरस को लेकर भले ही रविवार को जनता कफ्र्यू का एलान किया गया है, लेकिन शनिवार को भी बाजारों में मंदी पसरी रही। गोपेश्वर के साथ ही जोशीमठ, पीपलकोटी, पोखरी, घाट, नंदप्रयाग बाजारों में शनिवार को भी दोपहर बाद सन्नाटा पसरा रहा। लोग जरुरी सामान खरीदने बाजार पहुंचे और जल्दी ही अपने घरों को लौट गए।
होटल व अन्य दुकानों में दिनभर दुकानदार ग्राहकों के इंतजार में बैठे दिखे। होटल मालिक युद्धवीर सिंह बत्र्वाल का कहना है कि दिनभर में इक्का-दुक्का लोग ही खाना खाने पहुंच रहे हैं। खाना भी सीमित मात्रा में बनाया जा रहा है। वहीं, पोखरी क्षेत्र में नगर पंचायत की ओर से बाजार और सरकारी कार्यालयों में कीटनाशक दवाईयों का छिड़काव कर लोगों को जागरुक रहने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
विकासनगर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर पब्लिक ट्रांसपोर्ट से जुड़ी कई यूनियनों और विभिन्न व्यापार मंडलों ने जनता कर्फ्यू का समर्थन किया है। इसके चलते रविवार को क्षेत्र में वाहनों का संचालन पूरी तरह से ठप रहेगा। साथ ही बाजार भी बंद रहेंगे। अस्पताल संबंधित सभी आवश्यक सेवाएं सुचारु रहेंगी।
देहरादून स्टेज कैरियर ऑपरेर्ट्स वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष रामकुमार सैनी ने बताया कि जनता कर्फ्यू के चलते देहरादून-विकासनगर-डाकपत्थर और शिमला बाईपास रोड पर चलने वाली बसों का संचालन पूरी तरह से ठप रहेगा। साथ ही अंदरूनी मार्गों पर दौड़ने वाली बसें भी बंद रहेंगी। बसों का संचालन प्रथम सेवा से लेकर अंतिम सेवा तक बाधित रहेगा। साथ ही सहारनपुर-
विकासनगर ऑपरेटर यूनियन ने भी क्षेत्र में बसों का संचालन पूरी तरह से ठप रखने का निर्णय लिया है। चकराता-त्यूनी टैक्सी यूनियन और विक्रम यूनियन के सदस्यों ने भी कर्फ्यू का समर्थन किया है।
साथ ही क्षेत्र के विभिन्न व्यापार मंडलों ने भी सभी दुकानें पूर्ण रूप से बंद रखने का निर्णय लिया है। सेलाकुई, सहसपुर, हरबर्टपुर, विकासनगर, कालसी, साहिया, चकराता समेत क्षेत्र के सभी व्यापार मंडलों ने बंद का आह्वान किया है।
साहिया : परशुराम देवता मंदिर 10 अप्रैल तक बंद
कोरोना संक्रमण के बढ़ते खतरे को देखते हुए बोहरी गांव स्थित प्राचीन परशुराम देवता मंदिर में 10 अप्रैल तक श्रद्धालुओं के प्रवेश को प्रतिबंधित कर दिया गया है। मालूम हो कि मंदिर में क्षेत्र के साथ ही हिमाचल प्रदेश के लोगों की गहरी आस्था है। रोजाना बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचते हैं।
विकासनगर : पर्यटकों के उत्तराखंड में प्रवेश पर लगी रोक
कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए पुलिस ने बॉर्डर पर देशी-विदेशी पर्यटकों के उत्तराखंड में प्रवेश पर रोक लगा दी है। बॉर्डरों पर बाहर से आने वाले वाहन चालकों से प्रदेश में प्रवेश का कारण पूछने के बाद ही उन्हें राज्य में घुसने की अनुमति दी जा रही है।
दर्रारेट बॉर्डर के साथ ही कुल्हाल और डाकपत्थर बॉर्डर के रास्ते प्रदेश में बाहरी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। सीओ बीएस धोनी ने बताया कि कोरोना संक्रमण पर प्रभावी रोक लगाने के लिए यह कदम उठाए जा रहे हैं। सभी चौकी और थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए कि राज्य में किसी भी देशी-विदेशी पर्यटक को प्रवेश की अनुमति न दी जाए। बॉर्डर से ही उनके वाहनों को वापस लौटा दिया जाए।
बताया कि अग्रिम आदेशों तक यह रोक पूरी तरह से जारी रहेगी। मालूम हो कि पछवादून की सीमाएं यूपी, हिमाचल प्रदेश और हरियाणा राज्य से सटी हुई हैं।