विधानसभा अध्यक्ष ने कोविशील्ड दवा उपलब्ध कराने पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्द्धन को पत्र लिखकर आभार जताया है। विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि देश-दुनिया में कोरोना संक्रमण के प्रभाव को कम करने के लिए केंद्र सरकार का प्रयास मील का पत्थर साबित होगा।
पीएम के वोकल फॉर लोकल के मंत्र को साकार करते हुए केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन की विशेषज्ञ टीम ने कोविशील्ड दवा का निर्माण किया है। स्पीकर ने कहा कि देहरादून में वैक्सीन लगाने का पूर्वाभ्यास शुरू हो रहा है। कुमाऊं में चार से 10 जनवरी के बीच पूर्वाभ्यास होगा।
स्पीकर ने कहा कि पूरी दुनिया की नजर भारत पर है और भारत ने यह साबित कर दिया है कि उनके पास हर क्षेत्र में कार्य करने की अद्भुत क्षमता है। यह दवा क्षेत्र में पहुंचते ही हर व्यक्ति को राहत मिलेगी।
प्रदेश भाजपा ने उत्तराखंड सहित देश में कोरोना टीकाकरण के पूर्वाभ्यास को बड़ा कदम बताया है। पार्टी ने भारत में निर्मित वैक्सीन के आपात प्रयोग की अनुमति का स्वागत किया। पार्टी ने कहा कि वैक्सीन पर शक पैदा करने की कांग्रेस की कोशिश जन विरोधी है। उन्होंने उत्तराखंड के बारे में कांग्रेस के बयान को हास्यास्पद बताया।
शनिवार को भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. देवेंद्र भसीन ने कहा कि देश में कोरोना के खिलाफ लड़ाई में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महत्वपूर्ण व अनुकरणीय कार्य हुआ है। इस क्रम में अब टीकाकरण का पूर्वाभ्यास शुरू किया गया। ऑक्सफोर्ड द्वारा बनाई गई वैक्सीन का निर्माण भारत की सीरम कंपनी ने शुरू किया है। इसके आपात प्रयोग की अनुमति दी गई है।
ये अपने आप में बहुत महत्वपूर्ण व ऐतिहासिक उपलब्धि है। यह भारत की 130 करोड़ जनता के साथ पूरी दुनिया के लिए राहत की बात है, लेकिन कांग्रेस नेताओं को इस महान उपलब्धि पर पीड़ा हो रही है। वे अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष का यह कहना कि पहले टीकाकरण राज्यपाल और मुख्यमंत्री का कराया जाए, यह बहुत हास्यास्पद है। यह बयान कोरोना के खिलाफ जंग में विघ्न डालने की कोशिश है।
दुनिया जानती है कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार हर कदम बहुत सोच समझ के साथ उठा रही है। विश्व के जाने माने विशेषज्ञों द्वारा इस बारे में कार्य किया जा रहा है। पूरे देश को उन पर भरोसा है। उन्होंने कहा कि सच यह है कि कांग्रेस प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कोरोना के खिलाफ लड़ाई में ऐतिहासिक सफलता को लेकर बहुत परेशान है। उसे यह नहीं सूझ रहा कि वह इस सफलता के लिए प्रधानमंत्री और भाजपा के बारे में क्या कहें। कोरोनाकाल में कांग्रेस की भूमिका विघ्नकर्ता की रही है। ऐसे में कांग्रेस नेता फिर बेतुके बयान देकर अपनी कुंठा ही व्यक्त कर रहे हैं।