टीकाकरण अभियान को सफल बनाने के लिए 14 सितंबर को सचिवालय से सभी जिलों के जिलाधिकारियों व मुख्य चिकित्सा अधिकारियों के साथ एक वर्चुअल समीक्षा बैठक की जाएगी। इस संबंध में स्वास्थ्य सचिव और महानिदेशक स्वास्थ्य को निर्देश दे दिए गए हैं।
गत माह राज्य को 35 लाख वैक्सीन डोज मिली है। जिसमें से केवल 25 लाख डोज ही लग पाई है। वैक्सीन की डोज बढ़ाने के लिए लगातार केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री संपर्क में हैं। केंद्र से आश्वासन मिला है कि राज्य को खपत के अनुपात में वैक्सीन उपलब्ध कराई जाएगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने स्वयंसेवी संस्थाओं व निजी संस्थानों से अधिक से अधिक लोगों को टीका लगाने के लिए प्रोत्साहित करने की अपील की है। उन्होंने निजी अस्पतालों के संचालकों से आग्रह किया कि केंद्र सरकार से निजी अस्पतालों को मिलने वाले 25 फीसदी वैक्सीन डोज लगाने के लिए अलग से अभियान संचालित करें। जिससे दिसंबर तक शत प्रतिशत वैक्सीनेशन का लक्ष्य हासिल किया जा सके।