उत्तराखंड में कोरोना वैक्सीन लगवाने वाले स्वास्थ्य कर्मियों की संख्या बढ़ रही है। सोमवार को 13 जिलों में 58 बूथों पर 4032 स्वास्थ्य कर्मचारियों ने वैक्सीन लगवाई है। टीकाकरण अभियान के छह दिनों में 14546 स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीन की पहली खुराक दी गई है।
प्रदेश में टीकाकरण में तेजी लाने के लिए सोमवार को 24 बूथों की संख्या बढ़ाई गई। कुल 58 बूथों पर स्वास्थ्य कर्मचारियों को वैक्सीन की खुराक दी गई। देहरादून जिले में सबसे अधिक 13 बूथों पर 857 स्वास्थ्य कर्मियों ने कोरोना वैक्सीन लगवाई है। पूरे प्रदेश में 4032 स्वास्थ्य कर्मियों ने टीका लगवाया है।
विज्ञापन
कोविड कंट्रोल रूम के चीफ ऑपरेटिंग आफिसर डॉ. अभिषेक त्रिपाठी ने बताया कि प्रदेश में टीकाकरण अभियान सफलतापूर्वक चल रहा है। अभी तक टीका लगवाने वाले किसी भी स्वास्थ्य कर्मी में वैक्सीन का गंभीर प्रभाव नहीं मिला है। टीका लगवाने के बाद घर लौट रहे हैं।
प्रदेश में टीकाकरण का ग्राफ बढ़ रहा है। पहले चरण में पंजीकृत स्वास्थ्य कर्मचारियों में वैक्सीन लगवाने के लिए उत्साह है। सोमवार को 58 बूथों पर 4032 को वैक्सीन लगवाई गई। छह दिनों के भीतर 14546 स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीन की पहली डोज दी जा चुकी है। बता दें कि केंद्र सरकार ने उत्तराखंड को पहले चरण के लिए सीरम इंस्टीट्यूट पुणे से कोविशील्ड वैक्सीन की पर्याप्त डोज उपलब्ध करा दी है।
अब 28 जनवरी को लगेगा टीका
26 जनवरी को अवकाश और 27 जनवरी को टीकाकरण का दिन न होने से अब 28 जनवरी को स्वास्थ्य कर्मचारियों को वैक्सीन लगाई जाएगी।