उत्तराखंड में कोरोना संक्रमण की दर पांच प्रतिशत पहुंच गई है। एक महीने के भीतर संक्रमण दर 4.08 प्रतिशत से बढ़ कर 5.00 प्रतिशत पर पहुंची है। नैनीताल जिले की सबसे अधिक संक्रमण दर 8.02 प्रतिशत है।
बता दें कि अब रोजाना औसत छह हजार सैंपलों की रिपोर्ट आ रही है। प्रदेश में अब तक 2.17 लाख सैंपलों की जांच हो चुकी है और संक्रमित मामलों का आंकड़ा 11 हजार पार कर गया है।
पर्वतीय जिलों की तुलना में मैदानी जिले नैनीताल, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, देहरादून जिले में संक्रमण की दर अधिक है। कोरोना आंकड़ों का अध्ययन कर रहे सोशल डेवलपमेंट फॉर कम्युनिटी फाउंडेशन के संस्थापक अनूप नौटियाल का कहना है कि मैदानी जिलों में संक्रमण दर तेजी से बढ़ी है। वहीं, पहाड़ों में संक्रमण दर काफी कम है।