एक ग्रामीण ने कहा कि गांव में अभी तक पशु चिकित्सालय का भवन अब तक नहीं बन पाया है। इस पर पशु चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि वर्तमान में पशु चिकित्सालय किराये पर चल रहा है और डॉक्टर भी पदस्थ है। अधिकारी ने आश्वासन दिया है कि जिला योजना में इस प्रस्ताव को रखा जाएगा। इस पर मुख्यमंत्री ने शीघ्र भवन निर्माण के निर्देश दिए।
नैताला के वार्ड 2 से जिला पंचायत सदस्य ने कहा कि उनके यहां नमामि गंगे के तहत घाट बनना अति आवश्यक है। वो स्वीकृत भी था, बाद में उसे बनाना रद कर दिया गया। उन्होंने कहा कि गंगा नदी के किनारे स्थित पर्यटन स्थलों के समीप दीवार बनाना भी आवश्यक है। यह बरसात में क्षेत्र के लिए बड़ा खतरा होता है।
इस पर मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारी को शीघ्र प्रस्ताव देकर निर्माण करवाने के निर्देश दिए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने नमामि गंगे योजना में घोटाले की सूचना मिलने की बात कही और इस मामले की निष्पक्ष जांच करवाने के निर्देश दिए। सुनीता भट्ट की मांग पर मुख्यमंत्री ग्राम में दूध डेयरी खोलने के लिए महिला समूह को शीघ्र जमीन उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।
एक अन्य व्यक्ति ने ग्राम के समीप 1955 में बनी चार किमी लंबी नहर का जीर्णोद्धार नहीं होने से सिंचाई में समस्या से अवगत करवाया। मुख्यमंत्री ने मामला जिला योजना की बैठक में रखने के संबंधित अधिकारी को निर्देश दिए।
गांव की पूजा राणा ने इंटर कॉलेज बिल्डिंग में पर्याप्त कमरे नहीं होने का मसला उठाया। मुख्यमंत्री ने कमरों का शीघ्र निर्माण करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इसके लिए पर्याप्त बजट फंडिंग की व्यवस्था है।