बहादराबाद में पूर्ण साप्ताहिक बंदी देखने को मिली। पुराना अड्डा बाजार, काली माता मंदिर बाजार, चौक बाजार, पीठ बाजार, हरिद्वार रोड बाजार में सभी व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखे। पुलिस भी बाजारों में गश्त कर साप्ताहिक बंदी का जायजा लेती रही।
हाईवे और अंदरूनी बाजारों में केवल दवा, दूध, बेकरी, फल और सब्जी जैसी दुकानें खुली रही। बाजारों में लोगों की आवाजाही कम रहने से सन्नाटा पसरा रहा। प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के अध्यक्ष नीरज चौहान ने बताया साप्ताहिक बंदी को स्वीकार करते हुए व्यापारियों को पहले ही दुकानें बंद रखने के निर्देश दिए गए थे।
समय दोपहर 01:10 बजे
बहादराबाद का चौक बाजार पूरी तरह से बंद था। बाजार में केवल एक चाय की दुकान खुली थी। यहां पर एक दो ग्राहक ही बैठा था। बाजार में इक्का दुक्का आदमी आते जाते दिखाई दिए। उन्होंने भी मास्क पहने हुए थे।
समय दोपहर 01:15 बजे
बहादराबाद के काली मंदिर तिराहे से ब्लॉक कार्यालय तक सबसे अधिक मेडिकल स्टोर है। सभी मेडिकल स्टोर खुले थे। मेडिकल स्टोरों पर ग्राहकों की भीड़ नहीं थी। एक पैथोलॉजी लैब भी खुली थी।
समय दोपहर 01:40 बजे
बहादराबाद के सबसे व्यस्त रहने वाले धनौरी रोड बाजार में सन्नाटा पसरा था। केवल परचून, सब्जी, फल की दुकानें और डेयरी खुली थी। हालांकि इन दुकानों पर भी लोगों की खास भीड़ नहीं थी। खरीदारी करने वाले सभी ग्राहकों ने मास्क पहना हुआ था।