सरकार का मानना है कि जुलाई और अगस्त माह में बरसात के चलते चारधाम यात्रा में यात्रियों की संख्या आमतौर पर कम रहती है। सरकार ने बाहरी राज्यों के तीर्थ यात्रियों को भी सशर्त चारधाम यात्रा में आने की अनुमति दी है। इससे तीन से चार सौ तक यात्रियों की संख्या बढ़ने का अनुमान है।
देवस्थानम बोर्ड की वेबसाइट
www.badrinath-kedarnath.gov.in पर चारधाम यात्रा के लिए पंजीकरण करा सकते हैं। बाहर से आने वाले यात्रियों को 72 घंटे पहले आरटीपीसीआर की नेगेटिव कोविड जांच रिपोर्ट, आईडी भी पंजीकरण के दौरान अपलोड करनी होगी।
ई-पास जारी होने के बाद ही वे बिना क्वारंटीन के चारधाम यात्रा कर सकते हैं। बिना जांच रिपोर्ट के आने वाले यात्रियों को क्वारंटीन की अवधि पूरी करने के बाद ही यात्रा में जाने की अनुमति होगी। उन्हें भी पंजीकरण करना होगा। जिसमें क्वारंटीन अवधि पूरी करने वाली जगह का पता, आईडी देना जरूरी है। यात्रा के दौरान पंजीकरण में अपलोड किए गए दस्तावेजों की मूल प्रति साथ में रखनी अनिवार्य होगी।
कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए सरकार की ओर से जारी एसओपी के तहत चारधाम यात्रा सीमित संख्या में होगी। जिलाधिकारी के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण करने वालों को सीमित संख्या के आधार पर ई-पास दिए जाएंगे। आने वाले समय में कोविड महामारी की स्थिति के अनुसार ही चारधाम यात्रा को लेकर निर्णय लिया जाएगा।
- रविनाथ रमन, सीईओ, देवस्थानम बोर्ड