लैंसडौन में देश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंच रहे पर्यटकों की ओर से कोरोना नियमों का पालन नहीं करने के कारण क्षेत्र में कोराना संक्रमण फैलने का खतरा बना हुआ है। शनिवार को एसडीएम लैंसडौन अपर्णा ढौंडियाल ने कोतवाली निरीक्षक संतोष सिंह कुंवर सहित पुलिस टीम के लैंसडौन और निकटवर्ती क्षेत्रों में पर्यटकों का चेकिंग अभियान चलाया, जिसमें 123 पर्यटकों के कोरोना गाइड लाइन का पालन नहीं करने पर चालान किए गए।
एसडीएम ने बताया कि चेकिंग अभियान के तहत बिना मास्क पहने 50 लोगों का चालान कर 25 हजार रुपये वसूले गए। इसी प्रकार सोशल डिस्टेंसिंग में 50 लोगों से पांच हजार रुपये, पुलिस एक्ट में 30 लोगों में से 7500 और मोटर वाहन एक्ट में 3 लोगों से 1500 रुपये कुल राशि 39000 हजार रुपये वसूले गए।
गुमखाल क्षेत्र में गुमखाल पुलिस टीम ने बिना मास्क पहने 15 पर्यटकों से 7500, सोशल डिस्टेंसिंग का उल्लंघन करने पर 10 पर्यटकों से 1000 रुपये, एमवी एक्ट के तहत 5 लोग से 2500 की कुल 9750 की चालान राशि वसूली गई। एसडीएम ने पर्यटकों से कोरोना गाइड लाइनों का पालन करने और अपने साथ निगेटिव आरटीपीसीआर रिपोर्ट लाने की अपील की।
नैनीताल के बीडी पांडे अस्पताल में शनिवार को कोरोना जांच में दस माह के मासूम समेत तीन लोग संक्रमित मिले। सभी को होम आइसोलेट कर दिया गया है। बीडी पांडे अस्पताल के पीएमएस डॉ. केएस धामी ने बताया कि शनिवार को अस्पताल में 100 लोगों की आरटीपीसीआर और रैपिड एंटीजन जांच की गई।
इसमें दस माह का बच्चा, एक युवक और एक महिला में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। बताया कि कोरोना संक्रमितों के परिजनों की भी आरटीपीसीआर जांच की गई है। तीन चार दिन बाद आसपास में रहने वाले लोगों की भी जांच की जाएगी।
शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने आशारोड़ी चेकपोस्ट पर जांच के दौरान फिर 20 से अधिक आरटीपीसीआर जांच की फर्जी रिपोर्ट पकड़ीं। इन लोगों का मौके पर कोरोना एंटीजन टेस्ट किया गया। उसके बाद ही उन्हें जिले में प्रवेश करने दिया गया। सैंपलिंग के नोडल अफसर डॉ. एक्यू अंसारी ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की सख्ती के बाद अब ऐसे लोगों की संख्या में कमी आई है।
तीसरी लहर का खतरा
फर्जी आरटीपीसीआर रिपोर्ट लेकर आने वालों से उत्तराखंड में कोरोना की तीसरी लहर का खतरा बढ़ सकता है। इसे देखते हुए स्वास्थ्य विभाग आशारोड़ी चेकपोस्ट पर बाहर से आने वाले लोगों की जांच में और तेजी ला रहा है। आशारोड़ी चेक पोस्ट पर रोज कई लोग पकड़ में भी आ रहे हैं। आशारोड़ी चेकपोस्ट पर तैनात स्वास्थ्य विभाग की टीम के प्रभारी एवं सैंपलिंग के नोडल अफसर डॉ. एक्यू अंसारी ने बताया कि फर्जी रिपोर्ट लेकर आने वाले लोगों को ट्रेस किया जा रहा है।