प्रदेश में कोरोना संक्रमित मामले धीरे-धीरे फिर बढ़ने लगे हैं, जबकि सैंपल जांच कम हुई है। पिछले सप्ताह की तुलना में संक्रमितों की संख्या बढ़ी है। सात दिन में 1109 संक्रमित सामने आए हैं, बीते सप्ताह 1029 मरीज मिले थे।
कोरोना काल को 476 दिन का समय बीत गया है। इस सप्ताह बीते सप्ताह की तुलना में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ी है। जबकि सैंपल टेस्ट कम हुए हैं। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार 27 जून से तीन जुलाई तक 159779 सैंपलों की जांच की गई। जिसमें 1109 संक्रमित मिले हैं और बैकलॉग को मिलाकर 245 मरीजों की मौतें हुई है। जबकि 20 से 26 जून तक 167031 सैंपलों की जांच हुई और 1029 संक्रमित मिले थे।
सोशल डेवलपमेंट फॉर कम्युनिटी फाउंडेशन के अध्यक्ष अनूप नौटियाल का कहना है कि दूसरी लहर में संक्रमण का खतरा कम नहीं हुआ है। वहीं, कोरोना की तीसरी लहर आने की आशंका जताई जा रही है। लेकिन प्रदेश में सैंपल जांच बढ़ने के बजाए कम हो रही है। संक्रमण की रोकथाम के लिए कोविड सैंपल जांच पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।
ब्लैक फंगस (म्यूकोरमाइकोसिस) का संक्रमण बेहद खतरनाक है। इसका अंदाजा अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ऋषिकेश में भर्ती ब्लैक फंगस के मरीजों की सर्जरी के आंकड़ों से लगाया जा सकता है। एम्स में भर्ती हुए ब्लैक फंगस के मरीजों में से 75 फीसदी की सर्जरी करनी पड़ी। वहीं 10 फीसदी मरीज ऐसे थे जिनके मस्तिष्क तक संक्रमण पहुंच चुका था, लेकिन एम्स की विशेषज्ञों की टीम इन मरीजों की सफल सर्जरी करने में कामयाब रही।
एम्स ऋषिकेश में ब्लैक फंगस के अब तक 340 मरीज भर्ती हुए हैं। एम्स की म्यूकोरमाइकोसिस ट्रीटमेंट टीम के हेड और ईएनटी सर्जन डॉ. अमित त्यागी ने बताया संस्थान में अब तक ब्लैक फंगस (म्यूकोरमाइकोसिस) के 255 मरीजों की सफल सर्जरी की जा चुकी है। उन्होंने बताया 30 फीसदी मरीज संक्रमण की दूसरी स्टेज में इमरजेंसी में पहुंचे।
जबकि 40 फीसदी मरीजों की आंख और 60 फीसदी के नाक व जबड़ों तक ब्लैक फंगस का संक्रमण पहुंच चुका था। डॉ. अमित त्यागी ने 10 फीसदी मरीजों में संक्रमण मस्तिष्क तक भी पहुंचा। यह संक्रमण की चौथी स्टेज होती है। उन्होंने बताया कि जरूरत पड़ने पर तत्काल मरीजों की सर्जरी की गई।
मरीजों की सर्जरी कामयाब भी रही। उन्होंने बताया कि सर्जरी के बाद संक्रमण नियंत्रण के मरीजों को एंटीफंग ट्रीटमेंट दिया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग के राज्य हेल्थ बुलेटिन के मुताबिक एम्स ऋषिकेश से ब्लैक फंगस के 55 मरीजों को स्वस्थ होने के बाद डिस्चार्ज किया जा चुका है।
कोरोना संक्रमण में अग्रिम पंक्ति में ड्यूटी करने वाले पुलिस कर्मी कोविड वैक्सीन लगाने के मामले में भी सबसे आगे हैं। रिकॉर्ड के अनुसार प्रदेश में अब तक प्रदेश के 23,619 पुलिस कर्मियों ने कोविड की दूसरी डोज लगवा ली है।
इसमें देहरादून के 3124 और ऊधमसिंह नगर के 2022 पुलिस कर्मी शामिल हैं। अन्य जिलों की पुलिस ने भी कोरोना से बचाव के लिए दूसरी डोज ले ली है।
पुलिस की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में 24,719 पुलिस कर्मियों में से 24,017 कर्मी पहली और 23,619 पुलिसकर्मी दूसरी डोज लगा चुके हैं।