चमोली जिले में कोरोना के मामले फिर बढ़ने लगे हैं। बुधवार को चमोली में 13 संक्रमित मिले। वहीं, पिछले एक सप्ताह के भीतर जिले में कोरोना के सक्रिय मामले 19 हो गए हैं। जिसमें दो महीने का बच्चा और उसकी मां शामिल है।
डिप्टी सीएमओ डा. एमएस खाती ने बताया कि जिले में दो भाई-बहन भी पॉजिटिव मिले हैं। हालांकि इनमें कोई लक्षण नहीं हैं, इसलिए इनको होम आइसोलेशन में रखा गया है। छह नेपाली मजदूर पॉजिटिव मिले हैं, इनमें भी लक्षण नहीं हैं। एहतियातन उन्हें कोविड केयर सेंटर सिमली भेज दिया गया है। एक युवती कर्णप्रयाग में कोरोना पॉजिटिव मिली है। वह कुछ दिन पहले ही दिल्ली से कर्णप्रयाग पहुंची थी।
कैंपटी फॉल में लगातार पर्यटक दूर-दूर से पहुंच रहे हैं। कैंपटी क्षेत्र में हुई हल्की बारिश के बाद पुलिस अलर्ट हो गई है। फॉल और झील के आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस जवान तैनात किए गए हैं।
कैंपटी में कोरोना गाइडलाइन का उल्लघंन करने पर कई पर्यटकों का पुलिस ने चालान भी किया। थानाध्यक्ष नवीन चंद्र जुराल ने बताया कि बिना मास्क के 10 ,सोशल डिस्टेंस का उल्लघंन करने पर छह और एमवी एक्ट में चार व सार्वजनिक स्थान पर हुक्का पीने के आरोप में पांच लोगों का चालान किया गया है। उन्होने बताया कि बुधवार को 45 वाहनों से 225 पर्यटक कैंपटी पहुंचे थे।