कुमाऊं प्रौद्योगिकी संस्थान द्वाराघाट के छात्रों ने कोरोना वायरस की जानकारी के लिए वेबसाइट तैयार की है। संस्थान के कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग तृतीय वर्ष के छात्रों ने इस वेबसाइट को विकसित किया है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के मिशन निदेशक युगल किशोर पंत ने बताया कि कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए जहां सरकारी स्तर पर अथक प्रयास किए जा रहे हैं।
वहीं, तकनीकी संस्थानों में पढ़ने वाले छात्र भी आम लोगों को संक्रमण से दूर रखने के लिए निरंतर प्रयास कर रहे हैं। कुमाऊं प्रौद्योगिकी संस्थान के प्रोफेसर विपिन त्रिपाठी की अगुवाई में कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग के छात्र दिव्यांशु जोशी, तान्या जोशी, निखिल भट्ट, मनीष वर्मा ने इस वेबसाइट
covid19uttarakhand.org विकसित की है।
इस वेबसाइट पर कोविड अस्पतालों और राज्य सरकार की ओर से जारी किए गए बुलेटिन की जानकारी उपलब्ध होगी। वहीं, मुख्यमंत्री राहत कोष में दी जा रही सहायता के बारे में जानकारी हासिल की जा सकती है।