कॉर्बेट टाइगर रिजर्व (सीटीआर) के सभी गेट बृहस्पतिवार से पर्यटकों के लिए दिन के भ्रमण के लिए खुल गए हैं। ढिकाला में बृहस्पतिवार को नए पर्यटन सत्र के पहले दिन दो कैंटरों में सवार 128 पर्यटकों ने जंगल सफारी का आनंद उठाया।
दूसरी ओर, हाईकोर्ट में मामला विचाराधीन होने के कारण सीटीआर के वन विश्राम भवनों में रात्रि विश्राम की सुविधा बहाल नहीं हो सकी है। इस कारण नए सत्र पर्यटकों की आमद कम है।
कच्ची सड़क वाहन चलने योग्य रहने पर सीटीआर की दक्षिणी सीमा के ढेला और झिरना जोन में वर्षभर दिन का भ्रमण होता है बरसात के कारण दुर्गा देवी गेट का दोमुंडा जोन और धनगढ़ी गेट का ढिकाला जोन 15 जून, आमडंडा गेट का बिजरानी जोन 30 जून को बंद हुआ था।
अब बृहस्पतिवार से सभी जोनों में दिन का भ्रमण बहाल हो गया है। ढिकाला जोन में दिन के भ्रमण के लिए पहले दिन सुबह-शाम दो-दो कुल चार कैंटर जा रहे हैं। हर कैंटर में अधिकतम 32-32 पर्यटक ले जाए गए। ढेला में सुबह-शाम आठ-आठ, दुर्गादेवी गेट से दोमुंडा जोन में सुबह-शाम 11-11 जिप्सियां और बिजरानी व झिरना जोन में सुबह-शाम 30-30 जिप्सियां गईं।