- सुरक्षा मानक जांच के नाम पर प्रत्येक उपभोक्ता से लिए जा रहे 236 रुपये
संवाद न्यूज एजेंसी
कालसी। घरेलू तथा व्यावसायिक गैस वितरक एजेंसी के सुरक्षा मानकों की जांच के नाम पर उपभोक्ताओं से की जा रही धन वसूली पर उपभोक्ताओं ने नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि एक साल पहले भी एजेंसी उपभोक्ताओं से जांच के नाम पर पैसा वसूल चुकी है। उधर जिला पूर्ति अधिकारी ने मामले की जांच कराने व दोषी पाए जाने पर एजेंसी पर कार्रवाई करने की बात भी कही है।
कालसी व आसपास के बाजार, जोहड़ी, आमबाग, कालसी गेट, वन विभाग कॉलोनी, डेयरी फार्म, व्यास भूड़ आदि क्षेत्रों में गैस एजेंसी 236 रुपये प्रति उपभोक्ता से वसूल किए जा रहे हैं। उपभोक्ता केडी जोशी, पूरण सिंह चौहान का कहना है कि सुरक्षा मानकों की जांच के नाम पर पैसे लिए जा रहे हैं लेकिन इसी कारण से एक साल पहले भी एजेंसी ने पैसा वसूल किया था। उन्होंने बताया कि यह शुल्क पांच साल में एक बार उपभोक्ताओं से लिया जाता है। उन्होंने पूर्ति विभाग से मामले की जांच कर कार्रवाई करने की मांग भी की है। जिला पूर्ति अधिकारी केके अग्रवाल ने बताया कि संबंधित गैस एजेंसी से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। यदि नियम विरुद्ध शुल्क लिया जा रहा है तो एजेंसी पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।