विकासनगर। ग्राम छरबा में जंगल से भटक कर आया एक उल्लू कौतूहल का विषय बना रहा। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने उल्लू को रेस्क्यू करके उसे आरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ दिया। कालसी वन प्रभाग की चौहड़पुर रेंज को दोपहर डेढ़ बजे ग्राम छरबा स्थित एक आवास में उल्लू दिखाई देने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही वन विभाग के सर्पमित्र आदिल मिर्जा मौके पर पहुंच गए और उन्होंने लगभग आधा घंटे की मशक्कत के बाद उल्लू को अपने कब्जे में ले लिया। उन्होंने बताया कि उल्लू घायल अवस्था में था जिसे उपचार के बाद आरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ दिया गया है। संवाद