-प्रदेश अध्यक्ष भट्ट ने कहा, कुंभ पर भी राजनीति का प्रयास होगा असफल
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने आयुष्मान योजना पर उठाए जा रहे सवालों पर कहा कि कांग्रेस सिर्फ विपक्ष की दृष्टि से देख रही है। सरकार करोड़ों रुपये के भुगतान के साथ प्रदेशवासियों के स्वास्थ्य की पूरी चिंता कर रही है। उन्होंने कांग्रेस पर केदारनाथ की तरह कुंभ के नाम पर भी राजनीति करने का भी आरोप लगाया।
भट्ट ने कहा कि आयुष्मान योजना से लाखों परिवारों के स्वास्थ्य की चिंता सरकार कर रही है। जिसके क्रम में अस्पतालों के मेडिकल बिलों का करोड़ों रुपए का भुगतान किया जाता है। हमारी चिंता प्रदेशवासियों को स्वस्थ रखने की है, जिसके लिए इस योजना एवं अन्य तरीकों से लगातार प्रयास किए जाते हैं। जहां तक कांग्रेस के आरोपों का सवाल है तो उनके नेता सिर्फ एक विपक्षी की दृष्टि से ही इस पूरे विषय पर टिप्पणी कर रहे है जबकि हमारी सरकार जन-जन के स्वास्थ्य के प्रति कटिबद्धता से कार्य कर रही है।
इसी तरह, कुंभ के नाम को लेकर विपक्षी बयानों पर स्पष्ट किया कि हमारी सरकार पूर्ण कुंभ की परिस्थिति अनुसार व्यवस्था सुनिश्चित कर रही है। कांग्रेस ने पहले भी केदारनाथ यात्रा के नाम पर धार्मिक विषय पर राजनीति करने का असफल प्रयास किए हैं। एक बार फिर कुंभ को लेकर यही कोशिश दोबारा की जा रही है।