फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कांग्रेस दिग्गजों ने सरकार को घेरा: हनुमान जन्मोत्सव पर हुए विवाद को लेकर कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल, राजभवन कूच किया

Tue, 19 Apr 2022 10:47 AM IST
रेनू सकलानी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून

सार

राज्य की अव्यवस्थाओं को लेकर कांग्रेस के दिग्गजों ने सरकार को घेरा। कांग्रेसियों ने कहा कि हरिद्वार के डांडा जलालपुर गांव में धार्मिक आयोजन के अवसर पर पथराव की घटना ने राज्य में कानून व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है।
विज्ञापन
राजभवन कूच के लिए जाते कांग्रेस नेता - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कानून व्यवस्था के मुद्दे पर प्रदेश कांग्रेस के 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने राजभवन कूच किया। प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव, प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के संयुक्त नेतृत्व में कांग्रेसियों ने राज्यपाल से मुलाकात कर प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था पर चिंता प्रकट करते हुए उन्हें ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से हस्तक्षेप की मांग भी की। 

विज्ञापन


प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि राज्य सरकार के मात्र एक माह के कार्यकाल में हत्या, चोरी, डकैती, मासूमों से दुष्कर्म जैसे जघन्य अपराधों की घटनाओं में भारी वृद्धि हुई है। राज्य की जनता भयभीत है, आमजन विशेषकर महिलाएं अपने को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। हरिद्वार के डांडा जलालपुर गांव में धार्मिक आयोजन के अवसर पर पथराव की घटना ने राज्य में कानून व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है।

राज्य में सत्ताधारी दल से जुड़े संगठनों के कार्यकर्ताओं की ओर से कानून व्यवस्था को धता बताते हुए भय का माहौल बनाया जा रहा है। प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन की लापरवाही के कारण इस घटना से लोगों में भय का माहौल व्याप्त है। प्रतिनिधिमंडल में उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, विधायक ममता राकेश, फुरकान अहमद, आदेश चौहान, गोपाल राणा, मनोज तिवारी, सुमित हृदयेश, विरेंद्र कुमार जाति, अनुपमा रावत, रवि बहादुर एवं प्रदेश महामंत्री संगठन मथुरादत्त जोशी, उपाध्यक्ष जोत सिंह बिष्ट आदि शामिल थे। 

विज्ञापन

ज्ञापन में इन घटनाओं का भी किया जिक्र

- 27 मार्च को बागेश्वर के कपकोट में 12 साल की नाबालिग बच्ची से दुष्कर्म के प्रयास की घटना। 
- 2 अप्रैल को ऊधमसिंह नगर के काशीपुर में नाबालिग से दुष्कर्म के प्रयास की घटना। 
- 5 अप्रैल को ऊधमसिंह नगर के गदरपुर में युवक की गोली मार कर हत्या। 
- 2 अप्रैल को चमोली के थराली में नाबालिग से छेड़छाड़ की घटना। 
- 13 अप्रैल को जनपद पिथौरागढ़ के झूलाघाट में हत्या की घटना। 
- 14 अप्रैल को देहरादून के जाखन स्थित लॉज में महिला की हत्या। 
- 14 अप्रैल को ऊधमसिंह नगर के किच्छा में साढ़े तीन साल की बच्ची की दुष्कर्म के बाद हत्या। 
- 14 अप्रैल को रुद्रपुर में एक व्यक्ति की हत्या। 
- 14 अप्रैल को पूर्व विधायक संजीव आर्य पर धारदार हथियार से जानलेवा हमले की घटना

ये भी पढ़ें...बवाल के बाद स्कूल बंद रखने केे निर्देश:  जलालपुर में हनुमान जन्मोत्सव पर आगजनी की घटना से दहशत का माहौल

विज्ञापन

कांग्रेस का राजभवन कूच राजनीति से प्रेरित : चौहान

हरिद्वार जिले में हनुमान जन्मोत्सव के मौके पर हुए पथराव और तनाव के हालात के बीच कांग्रेस के राजभवन कूच पर भाजपा ने इसे राजनीति से प्रेरित बताया। पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने सलाह दी कि ऐसे मौके पर राजनीति के बजाय संयम और सौहार्द स्थापित करने में विपक्ष को भी आगे आने की जरूरत है। हरिद्वार में हुए घटनाक्रम के बाद प्रशासन और पुलिस शांति स्थापित करने के प्रयास में जुटी है। कानून अपना कार्य कर रहा है और अराजकता फैलाने वालों पर कानून का शिकंजा कसने के लिए प्रशासन जुटा हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की हमेशा आदत रही है कि वह हर ऐसी घटना को राजनीतिक चश्मे से देखती रही है। एक पक्षीय नजरिये से देखने के बजाय कांग्रेस को वस्तुस्थिति पर ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि अवसर का लाभ उठाने की फिराक में रही कांग्रेस इसे भी अपने लाभ के तराजू में तोलने की फिराक में है। अराजक तत्व जल्द ही कानून के शिकंजे में होंगे और इसमें किसी तरह का भेदभाव नहीं किया जाना चाहिए। कांग्रेस के इसी भेदभावपूर्ण रवैये और नकारात्मक सोच ने उसे जनता से दूर कर दिया है।

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें