- कहा, कांग्रेस की भूमि बचाओ यात्रा निवेश, रोजगार, पर्यटन को बाधित करने की कोशिश
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। भाजपा ने कांग्रेस की भूमि बचाओ यात्रा पर गंभीर सवाल उठाए हैं। पार्टी ने कहा कि कांग्रेस सरकारों ने प्रदेश में भूमाफिया संस्कृति को बढ़ावा दिया। भाजपा के अनुसार, यह यात्रा प्रदेश में हो रहे निवेश, बढ़ते रोजगार और पर्यटन जैसे विकास कार्यों को बाधित करने की कोशिश है।
पार्टी के विधायक और प्रदेश प्रवक्ता विनोद चमोली ने प्रेस वार्ता कर कहा कि कांग्रेस अपनी सरकारों में चार दर्जन से अधिक भूमि घोटालों की जनक रही है। उन्होंने धौलास में मुस्लिम यूनिवर्सिटी के लिए 20 एकड़ भूमि आवंटन का जिक्र किया। यह भूमि एनडी तिवारी के कार्यकाल में शेखुल एजुकेशनल ट्रस्ट को सस्ती दरों पर आवंटित हुई थी। कांग्रेस ने अटल सरकार के औद्योगिक पैकेज को मनमोहन सरकार से बंद करवाने का भी पाप किया।
विनोद चमोली ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी सरकार ने सख्त भू-कानून लागू किया है। खंडूड़ी के मुख्यमंत्री काल में भी एक भू-कानून आया था। भाजपा की सरकारों ने अवैध अतिक्रमणों के खिलाफ कार्रवाई कर हजारों एकड़ जमीनों को बचाया है। धार्मिक गतिविधियों के नाम पर अवैध तरीके से कब्जाई 13 हजार एकड़ से अधिक भूमि को मुक्त किया गया है। हल्द्वानी के बनभूलपुरा क्षेत्र में 80 एकड़ रेलवे भूमि मुक्त करने की प्रक्रिया में भी भाजपा सरकार निर्णायक रूप से आगे बढ़ रही है।
चमोली ने आरोप लगाया कि उत्तराखंड की जमीनों को खुर्द-बुर्द करने का सिलसिला एनडी तिवारी की सरकार से शुरू हुआ। उस समय उत्तराखंड में लगभग 57 आवंटन हुए, जिनमें 52 गढ़वाल और पांच कुमाऊं में थे। इन भूमियों का आवंटन कौड़ियों के भाव, यहां तक कि एक रुपये में भी किया गया। ऊधमसिंह नगर में एनएच जमीन घोटाले में बाजार रेट से 20 गुना अधिक मुआवजा दिया गया। भाजपा ने कहा कि कांग्रेस की यह यात्रा उत्तराखंड की जमीन बचाने के लिए नहीं, बल्कि अपनी राजनीतिक जमीन बचाने के लिए है।