प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में मनाया गया पार्टी का स्थापना दिवस
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा, कांग्रेस का इतिहास बलिदान का रहा है। देश की आजादी से लेकर आज तक पार्टी ने हमेशा देश की एकता, अखंडता व संप्रभुता के लिए अनेकों बलिदान दिए हैं। उन्होंने यह बात प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित पार्टी के स्थापना दिवस कार्यक्रम में कही।
प्रदेश अध्यक्ष गोदियाल ने कहा, कांग्रेस विश्व की सबसे पुरानी लोकतांत्रिक पार्टी है। आजादी के आंदोलन में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का सबसे बड़ा योगदान रहा है। पार्टी ने देश की आजादी में सबसे अग्रणी भूमिका निभाई थी। देश के स्वर्णिम इतिहास के पन्नों में 28 दिसम्बर, 1885 का दिन महान जनता के दिलो-दिमाग पर अमिट स्मृति और आत्मविश्वास को जगाने वाला यादगार दिन है। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की स्थापना करने वाले एओ. डब्लू ह्रयूम, एनी बेसेन्ट, बाल गंगाधर तिलक, गोपाल कृष्ण गोखले, राना डे आदि देश के अन्य नेताओं ने यह कल्पना नहीं की थी कि जिस संस्था का देश की जनता के उत्पीड़न के विरोध एवं अधिकारों और राज सत्ता में सुनवाई के हक की लड़ाई के लिए गठन किया जा रहा है। वही संगठन एक दिन देश की जनता को एकसूत्र में बांधकर उनमें आत्मविश्वास, राष्ट्रीयता बोध, सांस्कृतिक चेतना और अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष का जज्बा पैदा कर देश के नव निर्माण में अपनी अहम भूमिका निभाएगा। इससे पहले प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी का ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री हीरा सिंह बिष्ट, प्रदेश महामंत्री राजेन्द्र सिंह भंडारी, महिला कांग्रेस की अध्यक्ष ज्योति रौतेला, महामंत्री राजेन्द्र शाह, निवर्तमान मीडिया प्रभारी राजीव महर्षि, महानगर अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी, पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा, सुवर्षा पॉल, डॉ. प्रतिमा सिंह, गरिमा दसौनी, राजेश चमोली, विरेन्द्र पोखरियाल, महेंद्र नेगी आदि मौजूद रहे।