- अधिवक्ताओं के समर्थन में उतरी कांग्रेस, धरने पर बैठे प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना
संवाद न्यूज एजेंसी
देहरादून। अधिवक्ताओं के समर्थन में कांग्रेस भी उतर आई है। बुधवार को नवनियुक्त अध्यक्ष गणेश गोदियाल और प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना भी अधिवक्ताओं के साथ धरने पर बैठे रहे। गणेश गोदियाल ने कहा कि यह बड़ी विडंबना है कि सरकार कोर्ट परिसर के बीच रैन बसेरा बनाने की बात कर रही है। क्या एजेंसियों को पूरे देहरादून में कोई दूसरी जगह नहीं मिली। सरकार को यह समझ ही नहीं है कि कल जब नई पीढ़ी न्याय व्यवस्था का हिस्सा बनेगी तो उसे बैठने की जगह कहां मिलेगी? उन्होंने कहा कि न्यायिक कार्यों के लिए सरकार को अधिवक्ताओं के लिए कुछ तो कदम उठाने होंगे। रैन बसेरा तो कहीं भी बनाया जा सकता है लेकिन वकीलों के चेंबर दो किलोमीटर दूर नहीं बनाए जा सकते।
उधर वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि अधिवक्ता अपनी वाजिब मांग के संबंध में नौ दिनों से धरने पर बैठे हैं। सरकार उनकी सुनवाई गंभीरता से नहीं कर रही है। यह आश्चर्यजनक बात है कि अदालतें बन गईं पर पैरवी करने वाले इन वकीलों के बैठने का इंतजाम सरकार ने नहीं किया। जब जिला न्यायालय का परिसर बनना शुरू हुआ था उसी वक्त अदालतों के निर्माण के साथ वकीलों के चेंबर भी बनने चाहिए थे। धस्माना ने कहा कि अधिवक्ताओं की सारी मांगें जायज हैं और यह राज्य की सरकार की जिम्मेदारी है कि चेंबरों का निर्माण राजकीय कोष से करवाकर अधिवक्ताओं को आवंटित करे। इस मौके पर कांग्रेस के श्रम प्रकोष्ठ अध्यक्ष दिनेश कौशल, कांग्रेस नेता एडवोकेट संदीप चमोली, एडवोकेट विपुल नौटियाल, एडवोकेट राजेश गुरुंग, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मनमोहन कंडवाल, सचिव राजेंद्र सिंह बिष्ट, प्रदेश महामंत्री राजेंद्र शाह आदि मौजूद रहे।