देहरादून। स्मार्ट सिटी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डीएम डॉ. आशीष कुमार श्रीवास्तव ने शनिवार को स्मार्ट सिटी के अंतर्गत चल रहे कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने स्मार्ट रोड, परेड ग्राउंड सौंदर्यीकरण, ड्रेनेज कार्य, वॉटर सप्लाई, पल्टन बाजार में चल रहे कार्यों पर चर्चा की। अधिकारियों को सभी कार्य जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने स्मार्ट स्कूल परियोजना का भी स्थलीय निरीक्षण किया।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य बैरिकेडिंग लगाकर किए जाएं। किसी भी गड्ढे को खुला न छोड़ें। त्योहारों के समय भीड़ को ध्यान में रखते हुए कार्य कराएं। कार्यों को समय से पूर्ण करने के लिए दो शिफ्टों में काम कराएं। इस दौरान संबंधित विभागों से भी समन्वय बनाया जाए। 26 जनवरी को देखते हुए परेड ग्राउंड के सौदर्यीकरण का कार्य तेजी से कराएं। वाटर सप्लाई के बाबत उन्होंने कहा कि वर्तमान तक लगभग 10 किमी वाटर सप्लाई लाइन बिछाई जा चुकी है। पलटन बाजार में त्योहारी सीजन को देखते हुए उन्होंने विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने स्मार्ट स्कूल परियोजना के कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। कहा कि दून के तीन स्कूलों राजकीय बालिका इंटर कॉलेज राजपुर रोड, राजकीय इंटर कॉलेज खुड़बुड़ा, व राजकीय कन्या जूनियर हाईस्कूल को स्मार्ट स्कूल बनाया जा रहा है। यहां कार्य पूरा हो चुका है। यहां 10वीं और 12वीं की कक्षाएं ई-माध्यम से संचालित की जा रही हैं। इसके लिए टीचरों को पहले ही प्रशिक्षित किया जा चुका है। उन्होंने ई-कक्षाओं का भी निरीक्षण किया।